घाटशिला विधानसभा उपचुनाव: झामुमो के सोमेश सोरेन की जीत, भाजपा के बाबूलाल सोरेन को हराया

0
8

घाटशिला, 14 नवंबर (आईएएनएस)। झापखंड के घाटशिला विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने शानदार जीत दर्ज की। पार्टी उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन ने भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन को 38,524 मतों के हराया।

सोमेश सोरेन ने पहले ही राउंड से बढ़त बनाए रखी और मतगणना के साथ अंतर लगातार बढ़ता गया। उन्हें 1,04,794 वोट मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार को 66,270 वोट मिले। अन्य सभी 11 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई।

झामुमो के मौजूदा विधायक रामदास सोरेन के आकस्मिक निधन के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराना पड़ा। पार्टी ने उनके बेटे सोमेश चंद्र सोरेन को उनके पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए चुना। वहीं, भाजपा ने यहां से पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन को मैदान में उतारा। इस मुकाबले को हेमंत सोरेन और चंपई सोरेन के बीच एक प्रतीकात्मक मुकाबले के रूप में देखा जा रहा था, दोनों ने ही अपनी राजनीतिक यात्रा झामुमो से शुरू की थी।

पिछले साल हेमंत सोरेन के मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद, चंपई सोरेन झामुमो छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे।

चुनाव प्रचार में, झामुमो ने दिवंगत रामदास सोरेन की विरासत और हेमंत सोरेन सरकार के प्रदर्शन के आधार पर वोट मांगे। इस बीच, भाजपा ने चंपई सोरेन के प्रभाव और पार्टी के संगठनात्मक नेटवर्क पर भरोसा जताया।

नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए, झामुमो महासचिव और प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि झारखंड की धरती ने एक बार फिर भाजपा को नकार दिया है। उन्होंने आगे कहा कि हालांकि झामुमो ने चंपई सोरेन को प्रमुखता दी है, लेकिन जनता के फैसले से स्पष्ट है कि पार्टी के बाहर उनकी कोई राजनीतिक हैसियत नहीं है।

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के उम्मीदवार रामदास मुर्मू ने बढ़त बनाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें केवल 11,542 वोट ही मिले।

आपको बताते चलें, इस सीट पर 11 नवंबर को मतदान हुआ था, जिसमें 73.88 प्रतिशत मतदान हुआ था।