Sunday, May 24, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध जमशेदपुर में 9वीं की छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत, पेड़ से...

जमशेदपुर में 9वीं की छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत, पेड़ से लटका मिला शव

0
5

जमशेदपुर, 24 मई (आईएएनएस)। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत नूतनडीह गांव में नौवीं कक्षा की 15 वर्षीय छात्रा माला सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। शनिवार को छात्रा का शव उसके घर से करीब दो किलोमीटर दूर एक सुनसान इलाके में पेड़ से लटका हुआ बरामद किया गया था।

रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा, तो हत्या की आशंका को लेकर स्थानीय ग्रामीण और परिजन उद्वेलित हो उठे। ग्रामीणों ने निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच और दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है। माला सिंह बोड़ाम के लायलम स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्रा थी। वह 21 मई की शाम को अपने परिजनों से गांव के ही तालाब में नहाने जाने की बात कहकर घर से निकली थी। जब वह देर शाम तक वापस नहीं लौटी, तो चिंतित परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की।

रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी तलाश करने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। शनिवार को ग्रामीणों ने गांव से दूर एक खेत के पास सुनसान जगह पर पेड़ से उसका शव लटकते देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां से रविवार को प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

छात्रा की मौत के बाद से उसके माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम के साथ-साथ भारी आक्रोश व्याप्त है। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस के शुरुआती दावों को सिरे से खारिज करते हुए इसे सीधे तौर पर हत्या का मामला बताया है। परिजनों का तर्क है कि माला बेहद खुशमिजाज लड़की थी और उसमें आत्महत्या जैसी कोई प्रवृत्ति नहीं थी। उन्होंने पुलिसिया तफ्तीश पर गंभीर सवाल उठाते हुए पूछा कि अगर वह गांव के तालाब में नहाने गई थी, तो उसका शव वहां से दो किलोमीटर दूर एक वीरान और सुनसान जगह पर पेड़ से लटका हुआ कैसे मिला?

इसके अलावा मृतका के शरीर पर कुछ संदिग्ध खरोंच के निशान भी पाए गए हैं, जो हाथापाई और जबरदस्ती की ओर इशारा करते हैं। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि अगर मामले की निष्पक्ष जांच कर सच सामने नहीं लाया गया, तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। बोड़ाम थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने फिलहाल अस्वाभाविक मौत दर्ज कर हर संभावित एंगल से तफ्तीश शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला भले ही आत्महत्या का प्रतीत हो रहा हो, लेकिन मौत के असली और सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

–आईएएनएस

एसएनसी/पीएम