नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। ज्योति नगर पुलिस ने साहस और सतर्कता की मिसाल पेश की है। गुरुवार की रात यमुना विहार-लोनी रोड पर हुई डकैती की घटना को महज 72 घंटे में सुलझा लिया गया। दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लूटा मोबाइल फोन और अपराध में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
11 नवंबर रात करीब 2:10 बजे, राघव कुमार (25 वर्ष), निवासी सिकरानी गांव, लोनी, उत्तर प्रदेश, यमुना विहार से लोनी गोल चक्कर की ओर पैदल जा रहे थे। अचानक पीछे से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाश आए। एक ने राघव का मोबाइल फोन छीन लिया, जबकि दूसरा बाइक चलाता रहा। लूट के बाद दोनों भागने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों की सूझबूझ से एक आरोपी मौके पर पकड़ा गया। उसकी पहचान अंकुर (28 वर्ष), पुत्र ओमबीर, निवासी अमर कॉलोनी, दिल्ली के रूप में हुई।
ज्योति नगर थाने में बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पकड़े गए अंकुर से लगातार पूछताछ की गई। शुरू में वह टालमटोल करता रहा, लेकिन सबूतों के दबाव में टूट गया। उसने अपराध कबूल किया और अपने साथी का नाम बताया। उसने रितेश (25) का नाम बताया, जिसकी पहचान लोनी, उत्तर प्रदेश, निवासी के रूप में हुई है।
अंकुर की निशानदेही पर पुलिस ने रितेश को लोनी से दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। दोनों की तलाशी और निशानदेही से लूटा गया मोबाइल फोन और अपराध में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। पुलिस ने पाया कि यह बाइक चोरी की थी और दोनों पहले भी लूटपाट की कई वारदातों में शामिल रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और तकनीकी निगरानी से 24 घंटे में दूसरा आरोपी पकड़ लिया। स्थानीय लोगों का सहयोग अहम रहा।
पुलिस अब दोनों आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही है। आसपास के इलाकों में ऐसी वारदातें पहले भी हो चुकी हैं, जिनमें ये दोनों संदिग्ध थे।

