Sunday, May 24, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय अमेरिका-ईरान समझौते पर चर्चा के लिए नेतन्याहू ने बुलाई सुरक्षा कैबिनेट की...

अमेरिका-ईरान समझौते पर चर्चा के लिए नेतन्याहू ने बुलाई सुरक्षा कैबिनेट की बैठक

0
4

तेल अवीव, 24 मई (आईएएनएस)। पिछले कुछ घंटों से अमेरिका-ईरान के बीच डील की खबर सुर्खियां बटोर रही हैं। इजरायली मीडिया आउटलेट का दावा है कि इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भी इस मुद्दे पर चर्चा के लिए सुरक्षा कैबिनेट की बैठक बुलाएंगे।

‘द टाइम्स ऑफ इजरायल’ की रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू रविवार शाम अमेरिका-ईरान समझौते पर चर्चा के लिए सुरक्षा कैबिनेट के सीमित सदस्यों की बैठक बुलाएंगे।

रिपोर्ट के मुताबिक, मसौदा समझौते में सभी मोर्चों पर संघर्ष समाप्त करने का प्रस्ताव शामिल हो सकता है, जिसमें लेबनान पर इजरायल के हमले भी शामिल हैं। नेतन्याहू, जो हिज्बुल्लाह के पूर्ण निरस्त्रीकरण की मांग कर रहे हैं, यदि यह प्रावधान समझौते में शामिल होता है तो उससे खुश नहीं होंगे।

अमेरिका की मध्यस्थता में पिछले महीने लागू हुए संघर्ष विराम के बावजूद, इजरायल ने लेबनान में खासकर दक्षिणी लेबनान की लितानी नदी के दक्षिण और उत्तर दोनों क्षेत्रों में, नियमित हवाई हमले जारी रखे हैं।

जवाब में, ईरान समर्थित लेबनानी सशस्त्र समूह हिज्बुल्लाग ने उत्तरी इजरायल और दक्षिणी लेबनान में इजरायली सैनिकों पर रॉकेट और ड्रोन हमले किए हैं।

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 2 मार्च से शुरू हुई हिज्बुल्लाह और इजरायल के बीच जारी हमलों में 3,111 लोगों की मौत हो चुकी है।

28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने मिलकर तेहरान समेत कई अहम ईरानी शहरों पर हवाई हमले किए। इस हमले में सर्वोच्च ईरानी नेता अयातुल्लाह खामेनेई समेत कई शीर्ष अधिकारियों की भी जान चली गई। इस हमले के जवाब में ही हिज्बुल्लाह ने नॉर्थ इजरायल पर रॉकेट दागे थे। इसके बाद से ही उनके खिलाफ इजरायल का सैन्य अभियान शुरू हो गया था।

इस बीच, अमेरिका-ईरान में समझौते की खबर पर ईयू आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर ने खुशी जताई है। दोनों ने इसे स्वागत योग्य कदम करार दिया है।

उर्सुला ने कहा, “हमें ऐसा समझौता चाहिए जो संघर्ष को समाप्त करे और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोले, साथ ही बिना किसी शर्त और बिना किसी प्रतिबंध के नौवहन की पूर्ण स्वतंत्रता सुनिश्चित करे।” वहीं ब्रिटिश पीएम स्टार्मर ने भी कहा कि हमें ऐसा समझौता चाहिए जो संघर्ष को समाप्त करे और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोले।