नई दिल्ली, 9 जून (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान जोहान बोथा ने क्वींसलैंड और ब्रिस्बेन हीट के साथ बतौर कोच अपना कार्यकाल समय से पहले ही समाप्त कर दिया है। उन्होंने अपने कॉन्ट्रैक्ट में एक सीजन बाकी होने के बावजूद दोनों कोचिंग पदों से इस्तीफा दे दिया है।
क्वींसलैंड क्रिकेट की तरफ से जारी बयान में कहा गया, “ब्रिस्बेन हीट और क्वींसलैंड बुल्स के कोच जोहान बोथा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।”
क्वींसलैंड क्रिकेट के चीफ एग्जीक्यूटिव टेरी स्वेनसन ने कहा, “हमने उस समय में अपने सभी ऑन-फील्ड गोल हासिल नहीं किए हैं, लेकिन जोहान ने क्वींसलैंड और ब्रिस्बेन हीट के खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी के विकास में मजबूत योगदान दिया है। हमारे हाई परफॉर्मेंस ग्रुप में जोहान के योगदान को महत्व दिया गया है। हम उन्हें और उनके परिवार को भविष्य में हर सफलता की कामना करते हैं और शेफील्ड शील्ड, वन डे कप और बीबीएल प्रतियोगिताओं में उनके प्रयासों के लिए उन्हें धन्यवाद देते हैं।”
यह इस्तीफा ऑस्ट्रेलियाई घरेलू क्रिकेट कोचिंग रैंक में बड़े बदलाव के दौर के बीच हुआ है। बोथा के इस्तीफे के साथ ही क्वींसलैंड क्रिकेट के साथ उनका दो साल का साथ समाप्त हो गया है। इस दौरान बोथा ने राज्य के शेफील्ड शील्ड, वन-डे कप और बिग बैश लीग कैंपेन की देखरेख की थी।
44 साल के बोथा, जिन्होंने 2005 से 2012 के बीच साउथ अफ्रीका के लिए पांच टेस्ट, 78 वन-डे इंटरनेशनल और 40 T20 इंटरनेशनल मैच खेले, ने 2024-25 सीजन से पहले क्वींसलैंड की कमान संभाली। उनकी लीडरशिप में, बुल्स उनके डेब्यू कैंपेन में शेफील्ड शील्ड के फाइनल में पहुंची और पिछले सीजन में शील्ड और वन-डे कप दोनों कॉम्पिटिशन में तीसरे स्थान पर रही। ब्रिस्बेन हीट के साथ उनके कार्यकाल में मिले-जुले नतीजे मिले। पिछले कोच वेड सेकोम्बे के अंडर ट्रॉफी उठाने वाली फ्रेंचाइजी लगातार बिग बैश लीग सीजन में पांचवें और सातवें स्थान पर रही।
बोथा के उत्तराधिकारी के तौर पर, क्वींसलैंड क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के पूर्व टेस्ट कप्तान टिम पेन के नाम पर विचार कर रहा है।

