लखनऊ, 9 जून (आईएएनएस)। परीक्षा देने जा रही दो युवतियों को अपना शिकार बनाने वाले शातिर अपराधी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ऑटो चालक हसीब ने युवतियों को चारबाग बस अड्डे से आलमबाग ले जाने के बहाने ऑटो में बैठाया और उन्हें थाना पारा क्षेत्र के रामलीला ग्राउंड के पास सुनसान जगह पर ले जाकर जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने युवतियों के साथ मारपीट और अभद्रता की और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
8 जून 2026 को हुई इस घटना के बाद थाना पारा में मुकदमा संख्या 403/2026 दर्ज किया गया। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75, 76, 352, 115(2) और 118(1) के तहत मामला दर्ज हुआ। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी के ऑटो (यूपी32 पीएन 8865) को घेरकर रोकने का प्रयास किया। आरोपी ने पुलिस पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी।
घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर रानी लक्ष्मीबाई संयुक्त चिकित्सालय भेज दिया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल ऑटो, एक तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद कर लिया है। मीडिया सेल, सीपी लखनऊ के अनुसार, आरोपी हसीब पुत्र स्व. सत्तार, मूल रूप से ग्राम मिर्जापुर, थाना कछौना, जिला हरदोई का निवासी है और वर्तमान में हैदर कैनाल नाला, थाना पारा क्षेत्र में रह रहा था।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि हसीब आदतन अपराधी है। वर्ष 2024 में थाना सण्डीला, जनपद हरदोई में उसने इसी तरह की घटना को अंजाम दिया था। उसने एक महिला को ऑटो में बैठाकर सुनसान जगह पर ले जाकर दुष्कर्म किया था, जिसके लिए वह जेल भी जा चुका है।
पुलिस ने कहा, “परीक्षा देने जा रही मासूम युवतियों के साथ इस जघन्य अपराध को लेकर पुलिस पूरी गंभीरता से कार्यवाही कर रही है। आरोपी का आपराधिक इतिहास सामने आने के बाद हमारी टीम ने तुरंत एक्शन लिया। मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई आत्मरक्षा में की गई। हम युवतियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”

