Kharinews

भाजपा के रविशंकर प्रसाद ने पूछा, क्या राहुल के लिए अलग कानून बने

Mar
25 2023

पटना, 25 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने शनिवार को कांग्रेस पर जोरदार सियासी हमला बोलते हुए कहा कि क्या राहुल गांधी के लिए क्या अलग कानून बने। उन्होंने कहा कि राहुल झूठ और बेबुनियाद आरोप लगाते हैं।

प्रसाद ने कहा कि आज ही गांधी ने प्रेस कांफ्रेंस की है, जिसमे मुद्दे को भटकाने की कोशिश की।

पूर्व मंत्री ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि स्वयं राहुल गांधी ने कहा कि वो सोच समझ कर बोलते हैं, तो इसका मतलब 2019 में मोदी समाज के खिलाफ सोच समझ कर ही उन्होंने बोला था।

भाजपा नेता ने कहा कि राहुल गांधी ने बोला था कि ये सारे मोदी चोर क्यों होते हैं। बिहार, पूर्वी भारत और पश्चिमी भारत में मोदी पिछड़े और अति पिछड़े समाज से आते हैं। इसका मतलब है कि राहुल गांधी ने पूरे पिछड़े समाज का अपमान किया था।

उन्होंने कहा कि आलोचना और गाली देने में अंतर होता है। राहुल गांधी को किसी को गाली देने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि गांधी को अगर गाली देने का अधिकार है तो पीड़ित को कोर्ट जाने का अधिकार है।

प्रसाद ने साफ शब्दों में कहा कि कोर्ट ने राहुल से पूछा आप माफी मांगेंगे, उन्होंने माफी नहीं मांगी तो सजा हुई। उन्होंने साफ करते हुए कहा कि अड़ानी मामले से इस मुद्दे का कोई लेना देना नहीं है।

पटना साहिब के सांसद प्रसाद ने कहा कि गांधी के खिलाफ और कई मामले चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरे देश में उनके खिलाफ आन्दोलन करेगी।

उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि कांग्रेस में बड़े-बड़े वकील हैं, तो इस मामले में हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में जाकर स्टे क्यों नहीं लिया? उन्होंने कहा कि पवन खेड़ा के लिए जब 24 घंटे के अन्दर स्टे लिया तो इनके मामले में क्यों नहीं? सही मायने में राहुल को जबरन बलिदानी दिखाने की कोशिश हो रही है।

उन्होंने बताया कि राहुल गांधी से पहले 32 लोग अयोग्य ठहराए गए हैं और वहां उप चुनाव हुए हैं। उसमें कई भाजपा के नेता भी हैं, तो क्या आपके लिए अलग कानून बनेगा।

भाजपा नेता ने सवाल किया कि क्या कांग्रेस में कोई अंदरूनी राजनीति हो रही है। क्या राहुल गांधी को हटाने की साजिश चल रही है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस के पक्ष में फैसला आता है तो कांग्रेस को सब ठीक लगता है और विपक्ष में आये तो सवाल खड़ा करते हैं।

उन्होंने कहा कि राहुल को झूठ बोलने की फितरत बन गई है। वे विदेशों में जाकर भारत का अपमान करते हैं और चीन की तारीफ करते हैं।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएनएम

Related Articles

Comments

 

मध्य प्रदेश चुनाव : बालाघाट पोस्टल बैलेट मामले में अब एसडीएम पर गिरी गाज

Read Full Article

Subscribe To Our Mailing List

Your e-mail will be secure with us.
We will not share your information with anyone !

Archive