Kharinews

मप्र : तंजानिया का शिष्टमंडल शिवराज व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष से मिला

Jan
29 2023

भोपाल, 29 जनवरी (आईएएनएस)। भारत यात्रा पर आए तंजानिया के शिष्टमंडल ने यहां रविवार को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा से मुलाकात की और राज्य में महिलाओं व किसानों के लिए किए जा रहे कार्यो की सराहना की।

भारत यात्रा पर आए तंजानिया के शिष्टमंडल के अब्दुल रहमान किनाना प्रमुख हैं, जो 25 से 30 जनवरी 2023 तक भारत यात्रा पर आए पांच सदस्यीय सीसीएम प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। किनाना, तंजानिया की शक्तिशाली सत्ताधारी पार्टी सीसीएम के उपाध्यक्ष हैं, जो वर्ष 1961 में आजादी के बाद से सत्ता में है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख किनाना ने कहा कि मध्यप्रदेश में किसानों और महिलाओं के कल्याण के लिए किए गए कार्य काबिले तारीफ हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि भोपाल झीलों का शहर है। भारत में तंजानिया के प्रतिनिधिमंडल का आगमन संपूर्ण विश्व के लिए अच्छी पहल है। भारत और तंजानिया के बीच सद्भावना का सिलसिला पुराना है। तंजानिया में भारतीय मूल के 50 हजार से अधिक लोग रहते हैं। द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ़ बनाने के लिए विशेष प्रयास हो रहे हैं। दोनों देशों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में बहुआयामी संबंधों को साझा किया जाता है।

तंजानिया के प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय पहुंचकर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं पार्टी पदाधिकारियों से भेंट की एवं पार्टी की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को भाजपा की संगठनात्मक संरचना और पार्टी द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी दी। तंजानिया की सत्ताधारी पार्टी सीसीएम के उपाध्यक्ष एवं प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख अब्दुलरहमान ओ. किनाना ने कहा, मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कर्मठता से बेहद प्रभावित हूं।

किनाना ने सामाजिक कल्याण को लेकर चलाई जा रही केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं और प्रदेश भाजपा संगठन की संरचना व अभियानों की तारीफ की, साथ ही उन्होंने पार्टी द्वारा आयोजित किए गए प्रशिक्षण वर्गो की भी तारीफ की। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को स्मृति चिन्ह एवं मोदी 2.0 पुस्तक भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

--आईएएनएस

एसएनपी/एसजीके

Related Articles

Comments

 

एंटीलिया बम कांड मामला: परमबीर सिंह की भूमिका की जांच के लिए दायर याचिका को बॉम्बे हाईकोर्ट ने किया खारिज

Read Full Article

Subscribe To Our Mailing List

Your e-mail will be secure with us.
We will not share your information with anyone !

Archive