नई दिल्ली, 9 दिसंबर (आईएएनएस)। भाजपा नेता प्रदीप कुमार सिंह ने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दोनों नेता सिर्फ भ्रम फैलाना ही जानते हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि बिहार विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान तेजस्वी यादव सदन में नदारद रहे और लोकसभा में ‘वंदे मातरम’ की चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी गायब रहे। ऐसे में यह दिखाता है कि दोनों नेता सदन के प्रति गंभीर नहीं हैं। ये सिर्फ भ्रम फैलाना जानते हैं, लेकिन जनता ने इन्हें नकार दिया है।
नई दिल्ली में प्रदीप कुमार सिंह ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव सिर्फ चुनाव में भ्रम फैलाने का काम करते हैं। विपक्ष की भूमिका भी ठीक से नहीं निभाते हैं। बाहर कुछ कहते हैं, सदन में उपस्थित नहीं रहते। चुनाव हारते हैं तो पिकनिक मनाने चले जाते हैं। सदन में सरकार अपनी बात रखती है, विपक्ष का काम भी होता है कि वे सुझाव दें। सरकार के साथ डिबेट करो, अपना पक्ष रखो, लेकिन विपक्ष के इन नेताओं के पास समय ही नहीं है।
उन्होंने कहा कि बिहार से लालटेन और कांग्रेस अब साफ हो चुकी है।
निलंबित टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर द्वारा बाबरी मस्जिद की नींव रखने पर उन्होंने कहा कि जो विधायक बाबरी मस्जिद की नींव रखने की बात कर रहा है, वह बाबर की मानसिकता को दर्शाता है, जो अब इस देश में मौजूद नहीं है। बाबरी मस्जिद की जगह अब राम मंदिर बन चुका है। ऐसे मानसिकता वाले लोग भारत में नहीं चलेंगे। हम बिहार जीत चुके हैं, अब बंगाल की बारी है। बंगाल में भी कमल खिलेगा।
उन्होंने कहा कि बाबर के वंशज या उसकी सोच रखने वाले लोग ही ऐसा करेंगे। देश आजाद हो चुका है, देश आगे बढ़ रहा है, और यह विकसित भारत की ओर तेजी से अग्रसर है।
उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर कहा कि आजादी की लड़ाई में पूरे देश को इसी नारे ने एकजुट किया था। यह गीत देशप्रेम की भावना से ओत-प्रोत है। ओवैसी और कांग्रेस वालों को यह बात समझ नहीं आएगी, क्योंकि वे सिर्फ राजनीति करते हैं। जब कोई वंदे मातरम गाता है तो देशवासियों के रोंगटे खड़े हो जाते हैं। देश सर्वोपरि है और इस गीत में राष्ट्रीय भावना झलकती है।

