एबीपी न्यूज-सी वोटर एग्जिट पोल : आंकड़ों में एनडीए को बंपर जीत, इंडिया गठबंधन काफी पीछे

0
24

नई दिल्ली, 1 जून (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण के लिए शनिवार को वोट डाले गए। इस चरण में 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 57 लोकसभा सीटों पर चुनाव हुए। चुनाव संपन्न होने के बाद एक तरफ जहां एनडीए 400 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा कर रही है। वहीं, इंडिया गठबंधन चुनाव में अपनी सरकार बनाने की बात कर रही है।

चुनाव संपन्न होने के साथ ही अलग-अलग न्यूज चैनलों के एग्जिट पोल सामने आ चुके है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस बार जनता का मिजाज कैसा है।

हालांकि, यह केवल अनुमान के आधार पर जारी किए गए आंकड़े हैं। चुनाव के नतीजे कैसे होंगे यह 4 जून को ही पता चल पाएगा, जब वोटों की गिनती शुरू होगी। एबीपी-सी वोटर के एग्जिट पोल के मुताबिक, देश में एनडीए तीसरी बार सत्ता पर काबिज होने जा रही है। एनडीए को 353-383 सीटें मिल सकती है। एग्जिट पोल के अनुसार एनडीए 2019 के लोकसभा चुनाव से बड़ी जीत दर्ज कर सकती है। वहीं, इंडिया गठबंधन को 152-182 और अन्य को 0-4 सीट मिलने का अनुमान है।

वोट शेयर की बात करें तो , एनडीए का 45 प्रतिशत, इंडिया गठबंधन का 40 प्रतिशत और अन्य का 15 प्रतिशत वोट शेयर रह सकता है।

उत्तर प्रदेश की 80 सीटों में एनडीए को 62-66, इंडिया गठबंधन को 15-17 और अन्य को 0 सीटें मिलते दिख रही है।

एग्जिट पोल के अनुसार, बिहार की 40 सीटों में से एनडीए को 34-38 सीटें, इंडिया गठबंधन को 3-5 और अन्य को 0 सीटें मिल सकती है।

राजधानी दिल्ली की बात करें तो एग्जिट पोल के मुताबिक, दिल्ली की 7 सीटों में एनडीए को 4-6, इंडिया गठबंधन को 1-3 और अन्य को 0 सीटें मिल सकती है।

एग्जिट पोल के आंकड़े के अनुसार, उत्तराखंड में भाजपा तीसरी बार सभी पांच सीटें जीत सकती है, वहीं कांग्रेस के खाते में एक भी सीट नहीं आती दिख रही है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश की 4 सीटों में एनडीए को 3-4, इंडिया गठबंधन को 0-1 सीट मिल सकती है। जम्मू-कश्मीर की 5 सीट में से एनडीए के खाते में 1-2, इंडिया गठबंधन को 0-2 और अन्य के खाते में 2-3 सीटें आ सकती है।

हरियाणा में एनडीए और इंडिया गठबंधन के बीच कांटे का मुकाबला हो सकता है। हरियाणा की 10 सीटों में से एनडीए के खाते में 4-6 सीटें आ सकती है, वहीं इंडिया गठबंधन को भी 4-6 सीटें मिल सकती है। वहीं अन्य के हिस्से में एक भी सीट नहीं आ रही है।

पंजाब की 13 सीटों में से एनडीए को 1-3, कांग्रेस को 6-8 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि आम आदमी पार्टी को 3-5 और अकाली दल को 0 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं झारखंड की 14 लोकसभा सीटों में से एनडीए को 11-13 को सीट मिल सकती है। वहीं इंडिया गठबंधन को 1-3 और अन्य को 0 सीटें मिलते दिखाई दे रही हैं।

एग्जिट पोल के मुताबिक, ओडिशा की 21 लोकसभा सीटों में एनडीए को 17-19, इंडिया गठबंधन को 0-2, बीजेडी को 1-3 और अन्य को 0 सीटें मिल सकती हैं।

पश्चिम बंगाल में बड़ा उलटफेर हो सकता है। एग्जिट पोल के अनुसार, बंगाल की 42 लोकसभा सीटों में से एनडीए को 23-27 मिलने का अनुमान है। वहीं, टीएमसी को 13-17 सीटें, कांग्रेस को 1-3 सीटें मिल सकती है। इसके अलावा गोवा में एनडीए को 1-2 और इंडिया गठबंधन को 0-1 सीटें मिलने की संभावना है।

एग्जिट पोल के आंकड़ों के अनुसार, गुजरात की 26 लोकसभा सीटों में से एनडीए को 25-26 सीटें मिलने की संभावना है। वहीं इंडिया गठबंधन को 0-1 और अन्य को 0 सीटें मिल सकती है। राजस्थान की 25 लोकसभा सीटों में से एनडीए को 21-23 सीटें मिल रही है। इंडिया गठबंधन को 2-4 और अन्य के खाते में एक भी सीट नहीं आने की संभावना है।

एबीपी न्यूज-सी वोटर एग्जिट पोल के आंकड़ों के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में एनडीए बाजी मार रहा है। राज्य की 11 लोकसभा सीटों में से एनडीए को 10-11 और इंडिया गठबंधन को सिर्फ 0-1 सीटें मिल सकती है। वहीं, अन्य का खाता खुलते नहीं दिखाई दे रहा है।

एग्जिट पोल के आंकड़ों के मुताबिक, मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में से एनडीए को 26-28 सीटें मिल रहा है। वहीं इंडिया गठबंधन को 1-3 सीटें मिलने की संभावना है।

एग्जिट पोल के मुताबिक, महाराष्ट्र में एनडीए और इंडिया गठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला हो सकता है। महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से एनडीए को 22-26 और इंडिया गठबंधन को 23-25 सीटें मिल सकती है।

कर्नाटक की बात करें तो, एग्जिट के अनुसार एनडीए को 23-25 सीटें मिलती दिख रही है। वहीं, इंडिया गठबंधन को 3-5 सीटें और अन्य को शून्य सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।

नॉर्थ ईस्ट में एनडीए बेहतर प्रदर्शन करने जा रहा है। राज्यों की 25 सीटों में से एनडीए को 16-21, इंडिया गठबंधन को 3-7 सीट मिल सकती है। जबकि, अन्य के खाते में 1-2 सीटें आ सकती हैं।

एग्जिट पोल में तेलंगाना में एनडीए अच्छा प्रदर्शन कर सकता है। वहीं, बीआरएस को बड़ा झटका लग सकता है। राज्य की 17 लोकसभा सीटों में से एनडीए को 7-9, इंडिया गठबंधन को 7-9 और अन्य के खाते में 0-1 सीट आ सकती है।

आंध्र प्रदेश में एनडीए बाजी मारता दिख रहा है। राज्य की 25 लोकसभा सीटों में से एनडीए को 21-24, वाईएसआरसीपी को 0-4 सीटें मिल सकती है। जबकि, इंडिया गठबंधन का खाता नहीं खुलने की उम्मीद जताई गई है।

तमिलनाडु में इंडिया गठबंधन को 37-39 सीटें और एनडीए के खाते में 0-2 सीटें मिलने की संभावना है। वोट शेयर की बात करें तो इंडिया गठबंधन को 46 फीसदी, एआईएडीएमके को 21 फीसदी और एनडीए को 19 फीसदी मिल सकता है।

एबीपी-सी वोटर के एग्जिट पोल में केरल की 20 सीटों में से एनडीए को 1-3 सीट, यूडीएफ को 17-19, एलडीएफ को 0 और अन्य को 0 सीटें मिलती दिखाई दे रही है।