गुना से पहली बार भाजपा उम्मीदवार के तौर पर ज्योतिरादित्य सिंधिया जीते

0
18

भोपाल, 4 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की गुना संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पहली बार जीत दर्ज की है। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस उम्मीदवार को 5.40 लाख मतों के अंतर से परास्त किया।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 2019 का लोकसभा चुनाव कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर लड़ा था। इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। सिंधिया ने 2020 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था और वह राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे।

ज्योतिरादित्य सिंधिया वर्तमान में केंद्रीय मंत्री हैं और उन्हें भाजपा ने गुना से पार्टी का उम्मीदवार बनाया। इस बार के लोकसभा चुनाव में सिंधिया को 9 लाख 23 हजार 302 वोट मिले और उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार को 5 लाख 40 हजार 929 मतों के अंतर से परास्त किया।

राज्य में लोकसभा की 29 सीट हैं और सभी सीटों पर भाजपा को बड़ी बढ़त हासिल हुई है। अब तक 13 सीटों के नतीजे घोषित किए गए हैं, जिन पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। वहीं, 16 सीटों पर भाजपा आगे चल रही है।

इस चुनाव में कांग्रेस के खाते में एक भी सीट नहीं आई है। लोकसभा के इस चुनाव में राज्य के कई दिग्गज पिछड़े हुए हैं। इनमें कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया प्रमुख हैं।