Tuesday, May 26, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति जनजातीय समुदाय के अधिकार और संस्कृति की रक्षा की लड़ाई लड़ी धरती...

जनजातीय समुदाय के अधिकार और संस्कृति की रक्षा की लड़ाई लड़ी धरती बाबा ने : शर्मा

0
63

भोपाल 15 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में जनजातीय समुदाय के नायक बिरसा मुंडा की जयंती पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजधानी के करीब केकड़िया गांव में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि जनजातीय समुदाय के अधिकारों और संस्कृति की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ी थी बिरसा मुंडा (धरती बाबा) ने।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने बिरसा मुंडा द्वारा देश और जनजातीय समाज के लिए दिए गए योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के खिलाफ आजादी की लड़ाई को आगे बढ़ाया। वो अंग्रेजों को देश से उखाड़ फेंकने के लिए तो लड़े ही, उन्होंने आदिवासियों के अधिकार तथा अपनी संस्कृति को बचाने के लिए भी संघर्ष किया। तत्कालीन समय में अंग्रेज सरकार जिस तरह से एक धर्म और संस्कृति को भारतीयों पर थोपना चाहती थी, भगवान बिरसा मुंडा ने स्कूल में पढ़ाई के दौरान ही उसका विरोध शुरू कर दिया था। यही कारण है कि आज जनजातीय समाज के साथ पूरा देश उन्हें भगवान जैसा सम्मान दे रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि देश और समाज के लिए भगवान बिरसा मुंडा द्वारा किए गए कार्यों को सम्मान देने के लिए हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत मध्यप्रदेश से ही की थी। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्य प्रदेश सरकार अपने-अपने स्तर पर जनजातीय हितों की रक्षा तथा उनके कल्याण के लिए प्रयास कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा इसी धरती की संतान थे और वो पूरे देश के गौरव थे। आज देश और प्रदेश के कोने-कोने में भाजपा के कार्यकर्ता जनजातीय गौरव दिवस मना रहे हैं तथा भगवान बिरसा मुंडा का स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।