बिहार कांग्रेस के दिग्गज नेता विजय शंकर दुबे के पुत्र सत्यम दुबे सहित सैकड़ों लोग भाजपा में हुए शामिल

0
16

पटना, 16 मई (आईएएनएस)। बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को आयोजित मिलन समारोह में कांग्रेस के दिग्गज नेता विजय शंकर दुबे के पुत्र सत्यम दुबे, कांग्रेस के प्रवक्ता रहे असित नाथ तिवारी और बेगूसराय से प्रत्याशी रहे अमरेंद्र सिंह सहित सैकड़ों लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।

इन सभी लोगों को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार के मंत्री मंगल पांडेय ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई और पार्टी में स्वागत किया।

इस मिलन समारोह में भाजपा में आए लोगों का स्वागत करते हुए चौधरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आपके आने से हमारी ताकत बढ़ी है। अब हम बिहार की 40 में से 40 सीटें जीतेंगे।

उन्होंने कहा कि कल तक जिन सीटों पर हम एक से दो लाख के अंतर से जीत रहे थे, वहां अब यह अंतर तीन से चार लाख तक पहुंचेगा।

उन्होंने कहा कि देश को समृद्ध और विकसित बनाने के लिए प्रधानमंत्री कदम बढ़ा चुके हैं। प्रधानमंत्री कल भी फकीर थे, आज भी फकीर हैं और कल भी फकीर रहेंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जनाधार वाले नेता लगातार भाजपा में शामिल हो रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से पहले देश की आर्थिक स्थिति पर चर्चा नहीं होती थी। लेकिन आज हम वैश्विक अर्थव्यवस्था में तेजी से आगे बढ़ने वाले देशों में शामिल हैं। आज गरीब कल्याण के लिए काम किए जा रहे हैं तो युवाओं के आगे बढ़ाने की चर्चा हो रही है। किसानों की आय को दोगुना करने के प्रयास किये जा रहे है। मोदी की गारंटी साफ है कि भ्रष्टाचार करने वालों को जेल जाना पड़ेगा।

भाजपा की सदस्यता लेने वालों में सुंदर सहनी, पुरुषोत्तम मिश्रा, राकेश कुमार सिन्हा, भानु प्रताप सिंह, अमित द्वेदी, गंगाधर पांडेय, पंकज परमार, डॉ अजित कुमार, सुनील कुमार साह, कमलदेव तिवारी प्रमुख हैं।