राम मंदिर जैसा आंदोलन दुनिया में कहीं नहीं हुआ : डॉ. कृष्णगोपाल

0
37

अयोध्या, 19 जनवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्णगोपाल ने शुक्रवार को अयोध्या में कहा कि राम मंदिर जैसा आंदोलन पूरी दुनिया में कहीं नहीं हुआ। डॉ. कृष्णगोपाल अयोध्या स्थित तुलसी उद्यान में एक पत्रिका के ‘श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा’ विशेष अंक का लोकार्पण कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि इस समय मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान को लेकर अयोध्या में विशेष वातावरण विद्यमान है। विश्व में जहां भी हिन्दू समाज है अपने को गौरवान्वित अनुभव कर रहा है। इस गौरवशाली क्षण की प्रतीक्षा में शताब्दियां बीत गईं। कई पीढ़ियां गुजर गईं। लाखों लोग बलिदान हो गए। बाहर से आए आक्रांताओं ने देश के हजारों मंदिरों को तोड़ डाला, तलवार के बल पर करोड़ों लोगों का मतान्तरण किया। ऐसी विषम परिस्थिति में हमारे देश के संतों ने रामकथा के माध्यम से 1,000 वर्ष तक हिन्दू समाज को सुरक्षित रखा।

उन्होंने कहा कि देश को आजादी मिलने के बाद हिन्दू समाज को आशा थी कि जो हमारे मंदिर तोड़े गये हैं, वे हमें प्राप्त हो जायेंगे लेकिन जब ऐसा नहीं हुआ तब आन्दोलन करना पड़ा। राम मंदिर के लिए नौजवानों ने कारसेवा की। एक सुन्दर इतिहास खड़ा हो गया।

संघ के सह सरकार्यवाह ने कहा कि राम मंदिर जैसा आन्दोलन पूरे विश्व में कहीं नहीं हुआ। आज सारे विश्व में राम की यशकीर्ति फैली है। आज कुछ लोग राम का प्रमाण मांगते हैं। राम का नाम आज करोड़ों लोग अपने मन में स्थिर कर रखे हैं, इससे बड़ा प्रमाण क्या हो सकता है। राम के नाम पर नगरों, गांवों और लोगों के नाम हैं। राम भारत के लोक जीवन में बस गये हैं। राम इस देश की अंतरात्मा बन चुके हैं। राम मंदिर आन्दोलन समाज को एक दृष्टि देता है।

–आईएएनएस

विकेटी/एबीएम