अंबाला छावनी की जनता ने द‍िया मेहनत का इनाम, भाजपा की शानदार जीत : अनिल विज

0
7

अंबाला, 12 मार्च (आईएएनएस)। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी नगर निगम चुनाव के परिणाम को लेकर बड़ा बयान दिया। विज ने कहा कि अंबाला छावनी के विकास के लिए उन्होंने जो भी काम किए, जनता ने आज उसका परिणाम उन्हें दे दिया। उनकी मेहनत और प्रयासों के कारण आज अंबाला छावनी की जनता ने भाजपा पर विश्वास जताया है।

अंबाला छावनी में हुए नगर निगम चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज मे कहा कि 32 वार्डों में से 25 में भाजपा के उम्मीदवारों ने विजय प्राप्त की है, साथ ही चेयरमैन पद पर भी भाजपा उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। यह चुनावी परिणाम भाजपा की नीतियों और कार्यों की पुष्टि करता है और यह दिखाता है कि अंबाला छावनी की जनता भाजपा के विकास कार्यों से संतुष्ट है। मैं दिन-रात मेहनत करके अंबाला का विकास कर रहा हूँ, और आज अंबाला छावनी की जनता ने मुझे इसका इनाम दिया है। पिछले विधानसभा चुनाव में कुछ लोगों ने षड्यंत्र रचे थे, लेकिन इसके बावजूद जनता ने मुझे सातवीं बार जिताकर एक मिसाल कायम की है।

वहीं, विपक्ष पर तंज कसते हुए अनिल विज ने कहा, “विपक्ष अब पूरी तरह से खत्म हो चुका है। उनके पास कोई नीति, कोई दिशा और कोई नेतृत्व नहीं है। जनता ने अब तय कर लिया है कि सिर्फ विकास और सुशासन की राजनीति भाजपा ही कर सकती है। हरियाणा के अधिकतर क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी ने अपना परचम लहराया है। इस जीत ने सिद्ध कर दिया है कि हरियाणा से विपक्षी पार्टियों का पूरी तरह सफाया हो गया है। वह अब खत्म हो चुकी हैं। लोगों ने उनकी नकारात्मक राजनीति को समझ लिया है और उन्हें दुत्कार दिया है।”

उन्होंने आगे कहा, “भाजपा हर जगह विजय हो रही है और यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का परिणाम है। मोदी जी के नेतृत्व में देश और राज्य में विकास की लहर चल रही है, और यही लहर हरियाणा के हर हिस्से में दिखाई दे रही है। जैसा कि मैंने चुनाव से पहले कहा था, मैं और जीते हुए पार्षद मिलकर काम करेंगे। जो पार्षद हार गए, उनका भी सहयोग करेंगे। हम सब मिलकर अंबाला छावनी को विकास की बुलंदियों तक पहुंचाएंगे।”

बता दें कि विधानसभा चुनाव के बाद अब निगम चुनाव में भी भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की। हरियाणा के 10 में से 9 नगर निकाय चुनावों में भाजपा की जीत मिली है। वहीं, एक सीट पर भाजपा के बागी नेता ने निर्दलीय प्रत्याशी ने तौर पर जीत हासिल की। इस चुनाव में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला।