भोपाल : 1 मार्च/ रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन अभिनव पहलों का साक्षी बना। विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ संगीता जौहरी ने शिविर के समापन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ अनंत कुमार सक्सेना कार्यक्रम समन्वयक बरकतउल्ला विश्वविद्यालय भोपाल, विशिष्ट अतिथि डॉ आर एस नरवरिया, जिला संगठक, भोपाल तथा डॉ सुधीर कुमार शर्मा की उपस्थिति में शिविर स्थल शासकीय माध्यमिक शाला हिनोतिया में ग्रामीणों के शारीरिक व मानसिक सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए श्री संतोष चौबे पुस्तकालय व वॉलीबॉल ग्राउंड का शुभारंभ किया।
ताकि बच्चे व ग्रामीण जन पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों को पढ़कर ज्ञानार्जन करते हुए अपने बौद्धिक स्तर को और अधिक ऊंचा उठा सकें। साथ ही खाली समय में वॉलीबॉल खेलकर अपने शरीर को भी मजबूत बना सकें। इसके साथ ही इस अवसर पर स्वयंसेवकों द्वारा टैगोर टीचिंग क्लब का गठन भी किया गया। जिसके अंतर्गत रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के एन एस एस स्वयंसेवक हर सप्ताह गांव के बच्चों को नवोदय विद्यालय की निशुल्क कोचिंग प्रदान करेंगे। वहीं शिविर के दौरान शाला में पानी की समस्या को चिन्हित करते हुए विश्वविद्यालय की ओर से शाला को एक हजार लीटर जल भरण क्षमता की टंकी भी कुलसचिव डॉ संगीता जौहरी, उप कुलसचिव डॉ पूजा चतुर्वेदी, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ शीतल गुलाटी द्वारा प्रदान की गई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ अनंत कुमार सक्सेना ने कहा कि रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने जन-जागरूकता से भी आगे बढ़कर समस्याओं के समाधान का माध्यम बनने का उदाहरण हम सबके सामने प्रस्तुत किया है। भोपाल की अन्य संस्थाओं को इससे सीखना चाहिए। श्री सक्सेना ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना वह प्लेटफॉर्म है जो विद्यार्थियों को जहां एक ओर अपनी कलाओं को अभिव्यक्त करने का अवसर देता है वहीं दूसरी ओर यह युवाओं में देशभक्ति की भावना भी जगाती है। वहीं विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार व रासेयो जिला संगठक डॉ सुधीर कुमार शर्मा ने कहा कि युवाओं को कभी भी हताश व निराश नहीं होना चाहिए। विपरीत से विपरीत परिस्थितियों में भी उन्हें अपने मन की शक्तियों पर विश्वास करते हुए निरंतर आगे बढ़ते रहना चाहिए। इस अवसर पर डॉक्टर आर एस नरवरिया ने कहा कि रविंद्र नाथ टैगोर विश्वविद्यालय द्वारा शाला परिसर में पुस्तकालय की स्थापना, वॉलीबॉल ग्राउंड और पानी की टंकी की व्यवस्था करना बहुत ही सराहनीय पहल है और राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ रेखा गुप्ता व डॉक्टर गब्बर सिंह सहित उनकी पूरी टीम इस हेतु बधाई की पात्र है। वही डॉ संगीता जौहरी ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के माध्यम से चिन्हित की गई हर समस्या के समाधान हेतु आगे भी इसी तरह सदैव तत्पर रहेगा। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान किए गए सभी कार्यों व गतिविधियों की सराहना करते हुए शिविर के सफल रूप से संपन्न होने पर सभी को हार्दिक बधाई भी प्रेषित कीं।





