उदयपुर, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सोमवार को उदयपुर पहुंचे। दोनों नेता यहां सीआईडी (सीबी) ऑफिस पहुंचे, जहां उन्होंने कोटा में दर्ज मामले के संबंध में अपना बयान दर्ज कराया।
कोटा में कांग्रेस ने विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया था। इस प्रदर्शन में डोटासरा भी शामिल हुए थे। मीडिया से बातचीत के दौरान डोटासरा ने कहा कि कुछ महीने पहले कोटा के अंदर जिला कांग्रेस कमेटी देहात ने सरकार की नीतियों के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया था। इसमें मैं और टीकाराम जूली भी शामिल हुए थे। पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन किया गया था। शांतिपूर्ण ढंग से मीटिंग की गई थी और संबोधन के दौरान जनता के मुद्दों की आवाज उठाई गई थी। लेकिन वहां के नेताओं और सरकार के दबाव में हमारे खिलाफ गलत एफआईआर दर्ज की गई। दोपहर लगभग एक बजे मीटिंग खत्म हो गई थी और रात में करीब 10 से 11 बजे के बीच एफआईआर दर्ज की गई थी।
डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आवाज को दबाने के लिए इस प्रकार के मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, लेकिन वे न डरेंगे और न झुकेंगे। इसी मामले में सफाई और कानूनी प्रक्रिया के तहत बयान देने के लिए वे उदयपुर आए हैं। अधिकारी ने हमसे पूछताछ की। मैंने और टीकाराम जूली ने बयान दर्ज कराया है। हम कानून का पालन करने वाले लोग हैं।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी इसी मामले में अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीकों से अपनी बात रखने पर मुकदमा दर्ज करना तानाशाही है। झूठे मुकदमे दर्ज कराके हमें डराना चाहते हैं, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। आज तो बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया, लेकिन कल जेल जाने की जरूरत पड़ी तो हम वहां भी जाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने राजस्थान सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि ये सरकार नहीं सर्कस है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान के अंदर अपराधी खुले में घूम रहे हैं। रोजाना अवैध खनन हो रहा है। प्रतिदिन हत्या, चोरी, डकैती, बलात्कार हो रहे हैं। उन पर कार्रवाई नहीं की जा रही, लेकिन आम आदमी जो स्कूटर या बाइक लेकर निकलता है उसका चालान काटा जा रहा है। राजस्थान के अंदर बड़े-बड़े आरोपी घूम रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। कहा गया है कि गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली ने बैरिकेडिंग तोड़ दी, उन्होंने कहा कि कोई एक वीडियो तो दिखा दो। झूठी कार्रवाई करना गलत है। देश की जनता सब देख रही है। समय आने पर राजस्थान की जनता इनसे पूरा हिसाब लेगी।


