कांग्रेस नेता भारतीय सेना और सैन्य शक्ति का अपमान कर असली चरित्र दिखा रहे : लक्ष्मीकांत वाजपेयी

0
5

रांची, 5 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कांग्रेस पार्टी और इंडी गठबंधन के नेताओं पर देश की सेना और सैन्य शक्ति का अपमान करने का आरोप लगाया है।

उन्होंने सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार की ओर से आयोजित सर्वदलीय बैठक में कांग्रेस और इंडी गठबंधन के लोग सरकार के निर्णयों के साथ आतंकवाद और पाकिस्तान पर कड़ी कार्रवाई का समर्थन करते हैं, वहीं दूसरी ओर इनके कई वरिष्ठ नेता केंद्र सरकार और सेना की कार्रवाई पर सवाल खड़ा करके अपना दोहरा चरित्र प्रदर्शित कर रहे हैं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सरीखे नेताओं के बयान से साबित हो रहा है कि देश के प्रति उनकी सोच कैसी है।

वाजपेयी ने कहा कि आज भाजपा कार्यकर्ताओं ने झारखंड के सभी जिलों में प्रदर्शन कर उपायुक्तों को ज्ञापन सौंपा और केंद्र सरकार के निर्देशानुसार राज्य में रह रहे पाकिस्तानियों को चिन्हित कर अविलंब वापस पाकिस्तान भेजने की मांग की। यह साफ दिख रहा है कि जहां-जहां देश में इंडी गठबंधन की सरकारें हैं, वहां पाकिस्तानियों को चिन्हित कर उन्हें उनके देश भेजने में राज्य सरकारें तत्परता नहीं दिखा रहीं। ऐसा लगता है उन पर तुष्टिकरण का भूत सवार है।

वाजपेयी ने यूपी के कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय पर सेना और भारत की सैन्य शक्ति का मजाक उड़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने जैसे उच्च कोटि के लड़ाकू विमान को खिलौना बताया। उन्होंने राफेल पर स्वास्तिक बनाकर पूजा करने का भी मजाक उड़ाया। यह कांग्रेस का पुराना सनातन विरोधी चरित्र है।

भाजपा नेता ने ऑपरेशन ब्लू स्टार के लिए राहुल गांधी की ओर से माफी मांगे जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि आज इन्हें अपने पाप याद आ रहे हैं। उन्हें माफी मांगनी है तो टुकड़ों में क्यों मांग रहे? उन्हें देश विभाजन स्वीकार करने, लाखों लोगों के नरसंहार, देश में आपातकाल लगाने, आरक्षण समाप्त करने की सोच, राम के अस्तित्व को नकारने, देश में चुनी हुई राज्य सरकारों को गिराकर राष्ट्रपति शासन लगाने, संवैधानिक संस्थाओं के अपमान और कैबिनेट के फैसले को चौराहे पर फाड़ने सहित पार्टी के तमाम दुष्कृत्यों के लिए माफी मांगनी चाहिए।