Wednesday, July 29, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय गुरुपूर्णिमा पर अघोर पीठ में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक लाख से...

गुरुपूर्णिमा पर अघोर पीठ में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए गुरु-दर्शन

0
12

वाराणसी : 29 जुलाई/ गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को अघोर पीठ, श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम् एवं अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम, पड़ाव (वाराणसी) में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक देश-विदेश से आए एक लाख से अधिक शिष्य और श्रद्धालुओं ने पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी के दर्शन-पूजन कर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया।

गुरुपूर्णिमा महोत्सव का शुभारंभ प्रातः 5:15 बजे प्रभातफेरी, सर्वेश्वरी ध्वजारोहण और ‘सफलयोनि सद्ग्रंथ’ के पाठ के साथ हुआ। इसके बाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी ने अपने गुरुदेव परमपूज्य अघोरेश्वर महाप्रभु के आसन का विधिवत पूजन किया।

देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु

भारत के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरुपूर्णिमा महोत्सव में शामिल होने पहुंचे। श्रद्धालु पूरी अनुशासित व्यवस्था के साथ लंबी कतारों में खड़े होकर अपने पूज्य गुरुदेव के दर्शन करते रहे। दोपहर 12:30 बजे तक दर्शन-पूजन का क्रम लगातार चलता रहा।

पूरे परिसर में “मां सर्वेश्वरी की जय”, “अघोरेश्वर महाप्रभु की जय” और “बाबा कीनाराम जी की जय” के जयघोष गूंजते रहे। भक्तिमय वातावरण ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

प्रसाद और भंडारे की विशेष व्यवस्था

दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को सुबह सूक्ष्म प्रसाद वितरित किया गया, जबकि दर्शन के बाद दोपहर में विशाल भंडारे के माध्यम से प्रसाद ग्रहण कराया गया। औघड़ पीर पर्व के इस महायज्ञ में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

गर्मी और उमस को देखते हुए आश्रम के बच्चों ने पूरे समय श्रद्धालुओं को शीतल जल और शिकंजी उपलब्ध कराई, जिसकी श्रद्धालुओं ने सराहना की।

बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए विशेष व्यवस्था

संस्था की ओर से दिव्यांगजन, नवजात शिशुओं के साथ आई महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और गंभीर रूप से बीमार श्रद्धालुओं के लिए त्वरित दर्शन की अलग व्यवस्था की गई, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

स्वास्थ्य सेवाएं भी रहीं उपलब्ध

गुरुपूर्णिमा महोत्सव के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम के बहिरंग विभाग में दो दर्जन से अधिक चिकित्सकों की टीम तैनात रही। श्रद्धालुओं को पूरे आयोजन के दौरान निःशुल्क चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

श्रद्धा, सेवा, अनुशासन और आध्यात्मिक वातावरण से परिपूर्ण गुरुपूर्णिमा महोत्सव ने एक बार फिर अघोर पीठ की सेवा परंपरा और सामाजिक प्रतिबद्धता का संदेश देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं तक पहुंचाया।