नागपुर की घटना बेहद दुखद : विजय कुमार सिन्हा

0
5

पटना, 18 मार्च (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के नागपुर में हाल में हुई हिंसा को लेकर बयानबाजियों का दौर जारी है। इस मामले को लेकर सभी पार्टियों के नेता अपना पक्ष रख रहे हैं। इस बीच, बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह बहुत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान नागपुर की हिंसा को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा, “मां भारती की संतान, वह चाहे कोई जाति, धर्म, क्षेत्र या भाषा का हो, अपने राष्ट्र पर गर्व करता है। अपनी सांस्कृतिक विरासत पर जिसको गर्व महसूस होता है, वैसे लोगों को जो देश को गुलाम बनाया, देश की संस्कृति को मिटाने का काम किया। देश की जनता को, स्वाभिमान और सम्मान को बदनाम और कलंकित करने का काम किया है, वैसे प्रतीक और वैसे चिन्ह से बचना चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा कि लड़ना नहीं है। 21वीं सदी के स्वाभिमानी, सम्मानित, गौरवशाली राष्ट्र बनाने का काम करना चाहिए। दिल्ली जाने के सवाल पर स‍िन्‍हा ने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री के पुत्र के रिसेप्शन में हम लोग जा रहे हैं। आज भारत कृषि पर आधारित विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है। बिहार में तो आज 80 प्रतिशत लोग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से कृषि पर निर्भर हैं। दिल्ली यात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्रियों से मिलेंगे और उनसे मार्गदर्शन भी हासिल करेंगे।

‘लैंड फॉर जॉब’ मामले में राबड़ी देवी और तेजप्रताप यादव को ईडी के द्वारा पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर उन्होंने कहा कि बिहार को जिन लोगों ने लूटा है या बर्बाद किया है, वे अब बच नहीं पाएंगे। चाहे नेता हों या अधिकारी, किसी को बख्शा नहीं जाएगा। एनडीए की यह खुली चेतावनी है कि जिसने जनता की कमाई को लूटा, उसे सजा जरूर मिलेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में गुंडाराज नहीं चलेगा। उन्होंने आगे कहा कि कानून अपना काम करता है। ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स ये संवैधानिक संस्थाएं हैं और इनका सम्मान होना चाहिए। इनको जानकारी उपलब्ध कराना चाहिए।