स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी में ‘विद्यारंगम 2K25’ का दो दिवसीय भव्य आयोजन

0
10

भोपाल : 2 जनवरी/ स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी, भोपाल के स्कूल ऑफ बैंकिंग, फाइनेंस एंड कॉमर्स द्वारा दो दिवसीय शैक्षणिक–सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘विद्यारंगम 2K25’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक क्षमताओं को प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ सिद्धार्थ चतुर्वेदी, कुलगुरु डॉ विजय सिंह , कुलसचिव डॉ सितेश कुमार सिन्हा , टीएनपी हेड धीरज प्रसाद ,हेड ऑफ़ मैनेजमेंट स्कूल डॉ कुमार सिद्धार्थ , हेड ऑफ़ बैंकिंग फाइनेंस कॉमर्स डॉ नीता वायडंडे ,डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ विनोद शर्मा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के पहले दिन शैक्षणिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता ‘लोगोमेनिया’ का आयोजन किया गया, जिसके पश्चात ऊर्जावान नृत्य प्रतियोगिता ‘संस्कृति वाइब्स’ ने सांस्कृतिक विविधता एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति का सुंदर प्रदर्शन किया। इन प्रतियोगिताओं की निर्णायक की भूमिका डॉ. ज्योत्सना मिश्रा ने निभाई।

इस अवसर पर डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. विनोद शर्मा ने विद्यार्थियों को बहुआयामी कौशल विकसित करने हेतु प्रेरित किया।

दूसरे दिन की शुरुआत विचारोत्तेजक वाद-विवाद प्रतियोगिता ‘टैलेंट बज़’ से हुई, जिसके निर्णायक मंडल में मानविकी विभाग की एचओएस डॉ. श्रावणी  सुंदरासन रहीं। कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में मधुर गायन प्रतियोगिता ‘कला पल्स’ का आयोजन किया गया, जिसमें निर्णायक के रूप में डॉ. मीनाक्षी दयाल एवं हेड ऑफ़ फ्यूचर स्किल्स डिपार्टमेंट डॉ. पूजा बिजलानी उपस्थित रहीं।

गायन प्रतियोगिता के उपरांत “एकता में विविधता” विषय पर आधारित फैशन शो का आयोजन किया गया, जिसने देश की सांस्कृतिक एकता एवं सौहार्द का सशक्त संदेश प्रस्तुत किया।

एसजीएसयू के चांसलर डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि विद्यारंगम जैसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला हैं। शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ सांस्कृतिक संवेदनशीलता और नेतृत्व क्षमता विकसित करना ही आधुनिक शिक्षा का उद्देश्य है।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. विजय सिंह और कुलसचिव डॉ सितेश कुमार सिन्हा ने कहा कि “विद्यारंगम 2K25 ” विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का एक प्रभावी प्रयास है,इस प्रकार के शैक्षणिक–सांस्कृतिक मंच विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, तार्किक सोच और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं। विश्वविद्यालय निरंतर ऐसे आयोजनों के माध्यम से कौशल-आधारित शिक्षा को सुदृढ़ कर रहा है।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। अंत में बैंकिंग, फाइनेंस एंड कॉमर्स विभाग की एचओएस डॉ नीता वायडंडे द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।

विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी एवं संकाय सदस्यों के समर्पित प्रयासों से ‘विद्यारंगम 2K25’ ज्ञान, रचनात्मकता एवं प्रतिभा का एक यादगार उत्सव बनकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम  का संचालन का डॉ सोमा मजूमदार और श्रीमती निधि रिछारिया द्वारा किया गया।