भोपाल : 13 जनवरी/ स्कोप पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में भव्य “विंटर कार्निवल 2025” (बाल मेला) का आयोजन किया गया। इस कार्निवल का शुभारंभ मुख्य अतिथि रविंद्र नाथ टैगोर विश्वविद्यालय की प्रो-चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स ने किया।
इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में प्रतिष्ठित विज्ञान पत्रिका “इलेक्ट्रॉनिकी आपके लिए” की मुख्य संपादक डॉ. विनीता चौबे,स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी तथा स्कोप स्कूल प्राचार्या डॉ. प्रकृति चतुर्वेदी उपस्थित रहे l
कार्निवल के मुख्य आकर्षणों में विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट खाद्य स्टॉल, उपयोगी वस्तुओं के स्टॉल एवं आकर्षक शैक्षिक प्रदर्शनियाँ शामिल रहीं। कार्यक्रम के दौरान छात्रों और शिक्षकों ने गीत,संगीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें दर्शकों से भरपूर सराहना प्राप्त हुई। बच्चों के लिए अनेक मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक खेलों का भी आयोजन किया गया, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
इस आयोजन में अभिभावकों, छात्रों और स्कोप परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम को यादगार बनाया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ अदिति चतुर्वेदी वत्स ने कहा कि विद्यालय में इस प्रकार के रचनात्मक आयोजन से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यावहारिक ज्ञान का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ सह-शैक्षिक गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसी क्रम में स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डॉ सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि ऐसे रचनात्मक एवं अनुभवात्मक आयोजन विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखते, बल्कि उनमें नेतृत्व, टीमवर्क और नवाचार की भावना विकसित करते हैं, जो उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाती है।
इलेक्ट्रॉनिकी आपके लिए की मुख्य संपादक डॉ. विनीता चौबे ने कहा कि विद्यालय स्तर पर इस प्रकार के शैक्षिक और रचनात्मक मंच बच्चों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और व्यावहारिक दृष्टिकोण को सुदृढ़ करते हैं, जो उनके सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या डॉ. प्रकृति चतुर्वेदी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और छात्र-छात्रा के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया शुभकामनाएं प्रेषित की।


