बिहार चुनाव: भाजपा के सभी 101 प्रत्याशियों का ऐलान, तीसरी लिस्ट में 18 नाम

0
6

पटना, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियां एक्टिव हो गई हैं। राजनीतिक दलों की ओर से उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की जा रही है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार देर रात प्रत्याशियों की तीसरी लिस्ट जारी की। इस तरह भाजपा ने सभी 101 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया।

भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव 2025 के लिए 18 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की। पार्टी द्वारा तीसरी लिस्ट के अनुसार, रामनगर से नन्द किशोर राम, नरकटियागंज से संजय पांडेय, बगहा से राम सिंह और लौरिया से विनय बिहारी को टिकट मिला, जबकि नौतन से नारायण प्रसाद, चनपटिया से उमाकांत सिंह, हरसिद्धि से कृष्णनंदन पासवान और कल्याणपुर से सचिंद्र प्रसाद सिंह चुनावी मैदान में ताल ठोकेंगे।

भाजपा ने चिरैया से लालबाबू प्रसाद गुप्ता और कोचाधामन से बीणा देवी को प्रत्याशी बनाया है। पार्टी ने बायसी से विनोद यादव, राघोपुर से सतीश कुमार यादव और बिहपुर से कुमार शैलेंद्र को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं, पीरपैंती से मुरारी पासवान, रामगढ़ से अशोक कुमार सिंह, मोहनिया से संगीता कुमारी, भभुआ से भरत बिंद और गोह से रणविजय सिंह को टिकट दिया गया है।

इससे पहले भाजपा ने भारतीय जनता पार्टी ने 12 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की, जिसमें लोक गायिका मैथिली ठाकुर के नाम की भी घोषणा की गई। भाजपा की दूसरी लिस्ट के अनुसार, अलीनगर से मैथिली ठाकुर, हायाघाट से राम चंद्र प्रसाद, मुजफ्फरपुर से रंजन कुमार और गोपालगंज सीट से सुभाष सिंह को टिकट मिला, जबकि बनियापुर से केदार नाथ सिंह, छपरा से छोटी कुमारी, सोनपुर से विनय कुमार सिंह और रोसड़ा से बीरेंद्र कुमार चुनाव मैदान में हैं। बाढ़ विधानसभा क्षेत्र से डॉ० सियाराम सिंह, अगिआंव से महेश पासवान, शाहपुर से राकेश ओझा और बक्सर से रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा को टिकट मिला।

एक दिन पहले भाजपा ने मंगलवार को 71 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी की थी। इस लिस्ट में दोनों डिप्टी सीएम और पूर्व डिप्टी सीएम समेत बिहार के कई मंत्रियों को टिकट दिया गया। भाजपा की ओर से बताया गया कि जहां उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तारापुर विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे, वहीं डिप्टी सीएम विजय सिन्हा लखीसराय से भाजपा के उम्मीदवार होंगे। इसके साथ ही, पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद कटिहार से भाजपा के उम्मीदवार बनाए गए हैं। साथ ही पार्टी ने कई मंत्रियों और विधायकों को उनकी परंपरागत विधानसभा सीट से टिकट दिया है। वहीं, कुछ नए चेहरे भी सामने आए हैं।