कांग्रेस नेता राहुल गांधी 18 जनवरी को आएंगे पटना, सड़कों पर लगे पोस्टर

0
44

पटना, 15 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाला है। इसे लेकर सभी दलों ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इसी के मद्देनजर कांग्रेस नेतृत्व की नजर भी बिहार पर है। इस बीच, कांग्रेस के नेता और सांसद राहुल गांधी 18 जनवरी को बिहार की राजधानी पटना पहुंचने वाले हैं।

गांधी के पटना आगमन को लेकर कांग्रेस के नेताओं ने तैयारी शुरू कर दी है। पटना की सड़कों पर इसे लेकर पोस्टर भी लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी पटना के बापू सभागार में आयोजित संविधान सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेंगे। पटना की सड़कों पर लगे एक पोस्टर में जहां महात्मा गांधी और भीमराव अंबेडकर की तस्वीर है, तो वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी सहित अन्य विभिन्न नेताओं की भी तस्वीर बनाई गई हैं।

इस पोस्टर में एक तरफ जहां बिहार प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह की बड़ी तस्वीर है, वहीं दूसरी तरफ राहुल गांधी की बड़ी तस्वीर लगाई गई है। पोस्टर में ‘संविधान सुरक्षा सम्मेलन’ तथा जय बापू, जय भीम और जय संविधान के साथ न्याय सत्याग्रह लिखा हुआ है।

बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि राहुल गांधी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित सभा को भी संबोधित करेंगे। इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस के मुख्य सभागार के नवीनीकरण और उसके नामकरण राजीव सभागार और कांग्रेस कार्यालय के कर्मचारियों के लिए बने नवनिर्मित भवन, जिसका नाम इंदिरा भवन रखा गया है, का उद्घाटन भी करेंगे।

नए साल में राहुल गांधी के बिहार आगमन से भाजपा और नीतीश कुमार को उखाड़ फेंकने का काम भी कांग्रेस पार्टी करेगी। राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के आगमन से बिहार कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में नई स्फूर्ति आएगी जिससे एक-एक कार्यकर्ता जुटकर सूबे में नई सरकार के गठन को प्रतिबद्ध हैं। प्रदेश कार्यालय परिसर में आयोजित सभा में राहुल गांधी उपस्थित जनसमूह और कांग्रेसजन को संबोधित करेंगे।

–आईएएनएस

एमएनपी/एएस