विदिशा में 30 अक्टूबर से होगा सांसद खेल महोत्सव, केंद्रीय खेल मंत्री, सीएम मोहन यादव और कपिल देव करेंगे शुभारंभ

0
6

भोपाल, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण व ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने सांसद खेल महोत्सव की जानकारी देते हुए कहा कि सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ 30 अक्टूबर को खेल परिसर विदिशा में किया जाएगा।

इस महोत्सव का आयोजन विदिशा संसदीय क्षेत्र की सभी 8 विधानसभाओं, 965 ग्राम पंचायतों, 19 नगर पालिका-नगर परिषदों, और 48 मंडलों में किया जा रहा है। सांसद खेल महोत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और प्रसिद्ध क्रिकेट खिलाड़ी, देश के गौरव कपिल देव के साथ विदिशा संसदीय क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशानुसार ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष पहल की गई है। सांसद खेल महोत्सव में प्रतियोगिताएं तीन स्तरों पर ग्राम पंचायत, विधानसभा और संसदीय स्तर पर आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि देशी खेलों को फिर से स्थापित करने के उद्देश्य से कबड्डी और क्रिकेट प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। इन खेलों का आयोजन संसदीय क्षेत्र स्तर तक किया जाएगा। कृषि मंत्री ने आयोजन की रूपरेखा बताते हुए कहा कि पहले मंडल स्तर पर टीमें मैच खेलेंगी। मंडल के विजेता विधानसभा स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे। प्रत्येक आठ विधानसभा क्षेत्रों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके बाद इन विजेता टीमों में से चुनी गई आठ-आठ टीमें संसदीय स्तर पर भिड़ेंगी।

उन्होंने कहा कि संसदीय स्तर पर भी प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मन को भी आनंद देते हैं। इसलिए पंचायत स्तर पर ऐसे खेलों का आयोजन किया जाएगा जिनमें ग्रामीण जन आसानी से भाग ले सकें। इनमें रस्साकशी, कुर्सी दौड़, चम्मच दौड़ जैसे हल्के-फुल्के खेल शामिल किए जाएंगे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ 30 अक्टूबर को विदिशा के खेल परिसर में किया जाएगा। खेलों के प्रति उत्साह और जनजागरूकता बढ़ाने के लिए 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को संपूर्ण संसदीय क्षेत्र में टॉर्च रिले निकाली जाएगी। पंचायत स्तर पर रस्साकसी, कुर्सी दौड़ और चम्मच दौड़ जैसे मनोरंजक खेल रखे गए हैं, जबकि कबड्डी और क्रिकेट प्रतियोगिताएं संसदीय स्तर तक होंगी।

इसके अलावा, स्थानीय परंपराओं और रुचियों को ध्यान में रखते हुए विदिशा में फुटबॉल, खातेगांव में कुश्ती, इच्छावर में खो-खो और मंडीदीप में हॉकी प्रतियोगिताएं स्थानीय स्तर पर कराई जाएंगी। अब तक कुल 37 हजार 38 खिलाड़ियों ने अपना पंजीयन कराया है। 2 नवंबर से 19 नवंबर के बीच ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय स्तर पर रस्साकसी, म्यूजिकल चेयर और नींबू दौड़ की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 20 नवंबर से 30 नवंबर तक मंडल स्तर की प्रतियोगिताएं, 5 दिसंबर से 12 दिसंबर तक विधानसभा स्तर की प्रतियोगिताएं और 15 दिसंबर से 25 दिसंबर तक संसदीय स्तर की फाइनल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।