Thursday, July 23, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति अगले साल विधानसभा चुनाव में 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जन सुराज...

अगले साल विधानसभा चुनाव में 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जन सुराज : प्रशांत किशोर

0
61

पटना, 25 नवंबर (आईएएनएस)। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने उपचुनाव के परिणाम के बाद सोमवार को घोषणा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रशांत किशोर ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि जब हमने पैदल चलना शुरू किया था तो लोगों ने कहा कि बिहार में कोई खड़ा ही नहीं हो सकता। जब दल बना, तब भी लोगों ने कहा कि यह कोई चुनौती नहीं है। प्रशांत किशोर ने आगे कहा, “अभी तो परिणाम आया है, लेकिन पांच दिन पहले भी विशेषज्ञ यही कह रहे थे कि चार-पांच प्रतिशत वोट आएगा इनको, प्रशांत किशोर क्या कर लेंगे। ऐसा नहीं है कि कल आप हमें चुनौती मान रहे थे और अब नहीं मानेंगे। हम पत्रकारों या राजनीतिक विशेषज्ञों की टीका-टिप्पणी के आधार पर यह काम नहीं कर रहे हैं।”

उन्होंने पत्रकारों से कहा, “आप अपना काम करिए, विश्लेषण करना, आकलन करना, टीका टिप्पणी करना आपका काम है ,और हम अपना काम कर रहे हैं।”

प्रशांत किशोर ने यह भी साफ किया कि वे अपने संकल्प और जन सुराज के अभियान से एक कदम भी पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि जन सुराज 2025 में 243 सीटों पर अपनी पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि जनता को मनाने और समझाने का जो भी यथा संभव प्रयास है, भगवान ने जो शक्ति और बुद्धि दी है, वह लगाया जाएगा। जनता अगर समझती है तो ठीक है, और नहीं समझती है तो मालिक जनता है। जो जनता तय करेगी, वही सरकार बनेगी। उल्लेखनीय है कि हाल ही में चार सीटों पर हुए उप चुनाव में जन सुराज को आशातीत सफलता नहीं मिल पाई।