ग्रेटर कैलाश विधानसभा में कांग्रेस ने निकाली भव्य रैली, गर्वित सिंघवी ने किया जीत का दावा

0
5

ग्रेटर कैलाश, 3 फरवरी (आईएएनएस)। ग्रेटर कैलाश विधानसभा में कांग्रेस ने सोमवार को एक बड़ी रैली का आयोजन किया, जिसका नेतृत्व कांग्रेस के उम्मीदवार गर्वित सिंघवी ने किया। इस रैली की शुरुआत कालकाजी डीडीए फ्लैट से हुई, यह रैली ग्रेटर कैलाश विधानसभा के कई प्रमुख इलाकों से गुजरी। रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।

रैली के दौरान गर्वित सिंघवी ने अपनी जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि जनता का भरपूर समर्थन हमारे साथ है। इस चुनाव में कांग्रेस की एकतरफा विजय होगी।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए गर्वित सिंघवी ने कहा कि जनता से संपर्क करने के लिए हम लोग बाइक रैली पर निकले हैं और आप देख सकते हैं कि हमारे साथ कितना बड़ा हुजूम है। यह बिल्कुल साफ संकेत है कि हम यह सीट जीत रहे हैं। मैं जनता का तहे दिल से शुक्रिया अदा करना चाहता हूं कि उन्होंने अपने छोटे भाई, लाडले और बेटे को इतना समर्थन दिया। जो विकल्प इस बार ग्रेटर कैलाश के लिए सही है, वह गर्वित सिंघवी है।

उन्होंने आगे कहा कि इस बार कांग्रेस का परचम ग्रेटर कैलाश में शत प्रतिशत लहराने वाला है। अन्य सीटों पर कांग्रेस की स्थिति को लेकर सवाल किए जाने पर उन्होंने कहा कि मैं तो चुनाव में व्यस्त था, बाकी सीटों की रिपोर्ट नहीं दे पाऊंगा, लेकिन जनता से पूछिए, इस बार एकतरफा कांग्रेस की लहर है।

बता दें कि दिल्ली में नई सरकार के गठन के लिए सभी 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को मतदान होगा। वहीं, नतीजों की घोषणा 8 फरवरी को होगी। दिल्ली में एक करोड़ 55 लाख मतदाता हैं। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 83.49 लाख और महिला मतदाता 71.74 लाख हैं। इसके अलावा 1,261 थर्ड जेंडर मतदाता भी हैं। युवा मतदाताओं की संख्या 25.89 लाख है, जबकि 2.08 लाख फर्स्ट टाइम वोटर हैं।