चंडीगढ़, 5 फरवरी (आईएएनएस)। हरियाणा में निकाय चुनावों की घोषणा के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आ रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को इन चुनावों में बड़ी जीत का दावा किया।
सीएम सैनी ने बताया कि निकाय चुनावों की सफलता सुनिश्चित करने के लिए भाजपा जल्द ही प्रचार-प्रसार कमेटी, चुनाव संचालन समिति, जिलों की कमेटी और संकल्प पत्र कमेटी का गठन करेगी। पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट कर चुनावी रणनीति पर कार्य किया जाएगा, ताकि हर जिले और क्षेत्र में पार्टी का संदेश सही तरीके से पहुंच सके।
उन्होंने कहा, “हमारी पार्टी की प्राथमिकता है कि हरियाणा के सभी नगरीय क्षेत्रों में भाजपा के उम्मीदवार जीत दर्ज करें। ऐसे में इसके लिए पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार करेंगे और योजना बनाई जाएगी।”
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि जल्द ही चुनाव लड़ने वाले इच्छुक लोगों से आवेदन लिए जाएंगे। नगर परिषद और निगम के चुनाव सिंबल पर लड़ेंगे क्योंकि डायरेक्ट मेयर के चुनाव होने हैं। इस चुनाव में पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता मजबूती से चुनाव लड़ेंगे और हम बड़ी जीत हासिल करेंगे।
उन्होंने विधानसभा चुनाव के लिए बढ़-चढ़कर वोटिंग करने के लिए दिल्ली की जनता को बधाई दी और कहा कि इससे स्पष्ट है कि जनता अरविंद केजरीवाल के कुशासन से परेशान होकर भाजपा को एक विकल्प के तौर पर स्वीकार कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिल्ली में ‘डबल इंजन’ की सरकार बनेगी और जीत के बाद दिल्ली में भी जलेबियां बटेंगी।
हरियाणा के पंचकूला में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक हुई। कोर ग्रुप की बैठक के बाद हरियाणा भाजपा प्रभारी सुरेंद्र पूनिया ने कहा कि सत्ता और संगठन का तालमेल ठीक रहे और हम आगे कैसे बढ़ें, इसको लेकर चर्चा हुई है। संगठन विस्तार से लेकर निकाय चुनाव तक चर्चा हुई है। चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों से जल्द ही आवेदन लिए जाएंगे और मजबूत उम्मीदवारों को मैदान में उतारा जाएगा। नगर निगम और नगर परिषद का चुनाव सिंबल पर लड़ा जाएगा। वहीं नगर पालिका सिंबल पर चुनाव लड़ने को लेकर अभी विचार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव को लेकर भाजपा जल्द ही मेनीफेस्टो भी जारी करेगी। विधानसभा चुनाव के बाद निकाय चुनाव में हम बड़ी जीत हासिल करेंगे।