Monday, May 25, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन भगवद गीता का जिक्र कर विकास खन्ना ने बताया क्या है जीवन,...

भगवद गीता का जिक्र कर विकास खन्ना ने बताया क्या है जीवन, समझाया सनातन धर्म का महत्व

0
46

मुंबई, 2 जून (आईएएनएस)। सेलिब्रिटी शेफ विकास खन्ना ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हिंदू धर्म के शाश्वत ज्ञान पर अपने विचार शेयर किए। भगवद गीता का जिक्र कर उन्होंने सनातन धर्म के महत्व के साथ बताया कि वास्तव में जीवन क्या है?

इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए विकास खन्ना ने कैप्शन में लिखा, “पिछले हफ्ते हमने बंगले को प्रार्थना झंडों से सजाया था। मैंने भी उन्हें अपनी छत पर रखा है और जो चीज मुझे सबसे ज्यादा प्रभावित करती है, वह है, उन्हें धीरे-धीरे फीका पड़ते, घिसते और गायब होते देखना। यह नश्वरता में भरोसा की तरह है। एक दिन सब कुछ खत्म हो जाता है और नई तरह से जन्म लेता है।”

उन्होंने आगे बताया, “एक दिन आखिरी बार मुंह में गंगा जल जाएगा, आखिरी त्योहार मनाया जाएगा, आखिरी पकवान पकाया जाएगा, आखिरी फूल रखा जाएगा, आखिरी धूपबत्ती जलाई जाएगी या जन्मदिन के लिए आखिरी मोमबत्ती जलाई जाएगी।”

विकास खन्ना ने हिंदू धर्म के महत्व को समझाते हुए बताया, “हिंदू धर्म हमें सिखाता है, जो यहां खत्म होता है, वह फिर से शुरू होता है, वह दूसरे रूप में दूसरे स्थान पर समय के दूसरे क्षण में फिर से आता है, तब तक हम रहते हैं, सेवा करते हैं।”

पोस्ट के अंत में विकास खन्ना ने भगवद गीता का जिक्र करते हुए आगे बताया, “जातस्य हि ध्रुवो मृत्युर्ध्रुवं जन्म मृतस्य च” जो जन्म लेता है, उसकी मृत्यु निश्चित है और जो मरता है, उसका जन्म निश्चित है।”

इससे पहले विकास ने फैंस को अपना एक किस्सा सुनाया था, जिसमें उन्होंने बताया कि वह बचपन में क्लबफुट से पीड़ित थे। उन्होंने अपने संघर्ष के बारे में फैंस को बताया। क्लबफुट एक ऐसी बीमारी है, जिसके कारण उन्हें बचपन में टेढ़े पैरों की समस्या से जूझना पड़ा था।

इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में विकास ने बताया कि किस तरह से उन्हें बचपन में टेढ़े पैरों की वजह से दौड़ने और अन्य काम करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या से निजात पाने के लिए उन्होंने क्लबफुट सर्जरी भी करवाई थी।

वर्कफ्रंट की बात करें तो शेफ विकास खन्ना हाल ही में ‘सेलिब्रिटी मास्टरशेफ’ शो में जज के रूप में नजर आए थे। सेलिब्रिटी मास्टरशेफ का खिताब अभिनेता गौरव खन्ना ने जीता है।