Thursday, June 25, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा पैदा करना चाहती है अराजकता: अखिलेश यादव

यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा पैदा करना चाहती है अराजकता: अखिलेश यादव

0
39

लखनऊ, 11 जून (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में यह पार्टी विधानसभा चुनाव में अराजकता पैदा करना चाहती है।

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बुधवार को विभिन्न जिलों से आए लोगों से वार्ता करते हुए कहा कि भाजपा का चरित्र अलोकतांत्रिक है। इसका आचरण अधिनायकवादी है। भाजपा भारतीय संविधान के लिए चुनौती बन गई है। यह उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अराजकता पैदा करना चाहती है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के हर विभाग में भ्रष्टाचार और घोटाला है। हर कार्य में लूट है। कानून-व्यवस्था ध्वस्त है। दिनदहाड़े हत्या और लूट की घटनाएं हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार कानून व्यवस्था संभालने में विफल है। भाजपा के नेता और कार्यकर्ता खुद अराजकता पर उतारू हैं। जिलों-जिलों में सरकारी और गरीबों की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। इस सरकार ने जनता के हित और प्रदेश के विकास के लिए कोई काम नहीं किया।

उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने यूपी को विकास का विजन दिया है। प्रदेश में एक्सप्रेसवे बनाए, शहरों में मेट्रो रेल चलाई। अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम और पार्क बनाए, महिला सुरक्षा के लिए 1090 सेवा शुरू की।

अखिलेश यादव ने कहा कि बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है, लेकिन भाजपा सरकार ने आठ साल के कार्यकाल में एक भी यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं बढ़ाया। भाजपा नकारात्मक राजनीति करती है। विपक्षी नेताओं की छवि खराब करने के लिए अभियान चलाती है। निर्दोषों पर फर्जी मुकदमे लगाकर प्रताड़ित और परेशान कराती है। प्रदेश के गोशालाओं में गायों की दुर्दशा है। सरकार बताए कि गोशालाओं में गायों की संख्या कितनी है। सरकार बताए कि उसने गोशालाओं को कितना बजट दिया।

— आईएएनएस

विकेटी/डीएससी