Saturday, June 13, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन ‘द ट्रेटर्स’ एक ऐसा मंच, जहां किसी तरह के दिखावे की जरूरत...

‘द ट्रेटर्स’ एक ऐसा मंच, जहां किसी तरह के दिखावे की जरूरत नहीं: अपूर्वा मखीजा

0
50

मुंबई, 13 जून (आईएएनएस)। मशहूर कंटेंट क्रिएटर अपूर्वा मखीजा रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ में नजर आ रही हैं। इस शो में हिस्सा लेने की वजह बताते हुए अपूर्वा ने बताया कि यह उनके लिए एक ऐसा मंच है, जहां उन्हें किसी भी तरह का दिखावा करने की जरूरत नहीं है। वह अपनी असली पहचान के साथ इस मंच पर खेल सकती हैं।

करण जौहर इस शो को होस्ट कर रहे हैं, जिसके आगे के खेल को लेकर वह उत्साहित हैं। समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में अपूर्वा ने कहा, “मैंने ‘द ट्रेटर्स’ के लिए हां इसलिए कहा क्योंकि यह एक ऐसा मंच है, जहां मुझे किसी भी तरह के दिखावे की जरूरत नहीं है।”

उन्होंने बताया कि वह हमेशा अपने सोशल मीडिया कंटेंट में ईमानदार रही हैं, और यह शो एक तरह से उसी का विस्तार है।

अपूर्वा ने शो को जिंदगी की तरह “कई रोमांचक मोड़ और भावनाओं से भरा” बताया। वे इस नए मंच पर अपने प्रशंसकों, जिन्हें वे प्यार से “क्यूट लिटिल रेड फ्लैग्स” कहती हैं, के सामने नई छवि पेश करने को लेकर उत्साहित लेकिन थोड़ा नर्वस भी हैं। वह उम्मीद करती हैं कि दर्शक उन्हें इस अलग तरह के माहौल में भी वही अपूर्वा के रूप में देखेंगे।

‘द ट्रेटर्स’ में अंशुला कपूर, महीप कपूर, करण कुंद्रा, राज कुंद्रा, जैस्मिन भसीन, आशीष विद्यार्थी, लक्ष्मी मांचू, रफ्तार, साहिल सलाठिया जैसे कई सितारे मुख्य भूमिकाओं में हैं। इस शो में कुछ खिलाड़ी “इनोसेंट” होते हैं, जिन्हें “ट्रेटर्स” यानी गुप्त रूप से चुने गए धोखेबाजों को पहचानकर बाहर करना होता है।

यह शो प्राइम वीडियो पर 12 जून को रिलीज हो चुका है, जिसका निर्माण बीबीसी स्टूडियोज इंडिया प्रोडक्शंस और ऑल 3 मीडिया इंटरनेशनल ने संयुक्त रूप से मिलकर किया है। यह शो आईडीटीवी के बाफ्टा और एमी पुरस्कार विजेता फॉर्मेट का भारतीय रूपांतरण है।

अपूर्वा पहले ‘नादानियां’, ‘बात पक्की’ और ‘हू इज योर गायनैक’ जैसे प्रोजेक्ट्स में भी काम कर चुकी हैं।