पाकिस्तान को ‘घर जैसा’ मानना कांग्रेस की सोच, भारतीय नागरिक ऐसा नहीं मानते : गौरव वल्लभ

0
26

नई दिल्ली, 19 सितंबर (आईएएनएस)। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा के एक बयान ने सियासी हलकों में विवाद खड़ा कर दिया है। पित्रोदा ने एक इंटरव्यू में कहा कि पाकिस्तान की उनकी यात्रा के दौरान उन्हें वहां “घर जैसा” महसूस हुआ और ऐसा नहीं लगा कि वे कहीं विदेश में हैं। इस बयान पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने सैम पित्रोदा के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा, “पिछले 30-35 वर्षों से कांग्रेस की दिशा सैम पित्रोदा जैसे लोग तय करते रहे हैं। आज वही पित्रोदा कहते हैं कि पाकिस्तान उन्हें ‘घर जैसा’ लगता है, लेकिन भारत का कोई भी नागरिक पाकिस्तान को घर जैसा नहीं मानता। पाकिस्तान एक शत्रु देश है, जो आतंकवाद को बढ़ावा देता है और भारत में आतंकी हमले करवाता है।”

गौरव वल्लभ ने पहलगाम जैसे हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान ने निर्दोष भारतीयों को धर्म पूछकर मारा, जबकि भारत के वीर जवानों ने ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों में आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया।

उन्होंने कहा, “पाकिस्तान हमें कभी ‘घर जैसा’ नहीं लग सकता। यह सोच कांग्रेस की हो सकती है, लेकिन देश के युवाओं, राष्ट्रभक्तों और आम जनता की नहीं।”

गौरव वल्लभ ने आज की पीढ़ी का हवाला देते हुए कहा कि युवा वंशवाद और परिवारवाद की राजनीति से तंग आ चुके हैं। वे मेहनत और योग्यता के आधार पर आगे बढ़ना चाहते हैं, न कि किसी सरनेम के दम पर।

उन्होंने राहुल गांधी की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी बातों पर भरोसा करना मुश्किल है। वे संसद में ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय जवानों की वीरता की बजाय यह सवाल उठाते हैं कि हमारे कितने विमान गिरे। यह सोच देशभक्त नौजवान कभी स्वीकार नहीं कर सकते।

उन्होंने पूछा, “क्या यह कांग्रेस की राष्ट्रीय सुरक्षा नीति थी कि देश के दुश्मनों से संपर्क बनाए जाएं और उन्हें धन्यवाद दिया जाए?”

गौरव वल्लभ ने कांग्रेस पर देश की राजनीति में अराजकता और भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी चाहे जितना प्रयास करें, भारत का लोकतंत्र और बाबा साहेब अंबेडकर द्वारा दिया गया संविधान इतना मजबूत है कि उसे कोई हिला नहीं सकता।”

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प की तारीफ करते हुए इसे देश की प्रगति की दिशा बताया।