नई दिल्ली, 22 सितंबर (आईएएनएस)। ‘जीएसटी बचत उत्सव’ के तहत स्वदेशी मुहिम को तेज करते हुए सोमवार को भाजपा सांसदों ने लोगों से अपील की है कि स्वदेशी अपनाकर आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करें। उन्होंने बताया कि जीएसटी दरों में कटौती से किसान से लेकर व्यापारी तक हर वर्ग को फायदा होगा।
ओडिशा से राज्यसभा सांसद सुजीत कुमार ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “हम इस मुहिम के तहत लोगों से स्वदेशी अपनाने की अपील कर रहे हैं ताकि आत्मनिर्भर भारत का निर्माण हो सके। आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए देश में उत्पादित वस्तुओं की ज्यादा से ज्यादा बिक्री जरूरी है। आत्मनिर्भर भारत बनेगा तभी विकसित भारत का निर्माण संभव होगा।”
उन्होंने कहा कि एक समय महात्मा गांधी ने स्वदेशी का नारा देकर देश को आजादी दिलाई थी, अब पीएम मोदी ने इसे विकसित राष्ट्र और हर हाथ को रोजगार देने के लिए दिया है। इसमें पूरे देशवासियों का शामिल होना आवश्यक है।
सुजीत कुमार, जो 2020 से राज्यसभा में हैं, ने ओडिशा के विकास पर फोकस करते हुए कहा कि स्वदेशी से स्थानीय उद्योग मजबूत होंगे।
वहीं, छत्तीसगढ़ से सांसद महेश कश्यप ने जीएसटी सुधारों की सराहना करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री ने जीएसटी दरों में कटौती और स्वदेशी का नारा दिया है, जिसका फायदा किसानों से लेकर हर वर्ग को होगा। आज देश में हर प्रकार की वस्तुओं का उत्पादन होता है। अगर हम स्वदेशी अपनाएंगे तो करोड़ों भारतीयों को रोजगार मिलेगा। ये सुधार एमएसएमई को मजबूत करेंगे, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा।”
बता दें कि ‘जीएसटी बचत उत्सव’ को लेकर लोगों के बीच उत्साह है, जहां स्लैब चार से घटकर दो (5 और 18 प्रतिशत) हो गए हैं। रोजमर्रा की वस्तुएं सस्ती होने से मध्यम वर्ग की बचत बढ़ेगी। पीएम मोदी ने भी पत्र में जीएसटी सुधार के कारण होने वाले फायदे की तारीफ की। उन्होंने बताया कि इससे हर परिवार में समृद्धि आएगी। भाजपा ने ‘गर्व से कहो ये स्वदेशी है’ अभियान चलाया है।


