अखिलेश यादव के शासनकाल में गुंडे-बदमाश पले-बढ़े: ब्रजेश पाठक

0
31

लखनऊ, 24 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्‍होंने आजम खान पर चल रहे मुकदमे वापस लेने की बात कही थी। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव के शासनकाल में गुंडे-बदमाश पले-बढ़े हुए हैं।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि जब अखिलेश यादव 2012 में मुख्‍यमंत्री बनें थे, सबसे पहली कैबिनेट बैठक में उन्होंने कई आतंकियों पर चल रहे मुकदमे वापस लिए थे, जिन्होंने लखनऊ, वाराणसी और अयोध्या में बम ब्लास्ट किए थे। अखिलेश यादव से आप कानून व्‍यवस्‍था की बात क्यों पूछते हैं? प्रदेश में अखिलेश यादव का जब भी शासन रहा है, गुंडे-बदमाश पल्लवित हुए हैं। हमारी प्रतिबद्धता है, हम उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुचारु करेंगे और न्यायलय के निर्णय का पूरा सम्मान करते है।

ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव के सिविल अस्पताल की बदहाली के बयान पर तीखा हमला किया। उन्‍होंने कहा कि अपने शासनकाल में समाजवादी पार्टी की सरकार ने अस्पतालों में तबेले बनाकर रख दिए थे। आज भाजपा की सरकार में अस्‍पताल में बेहतर व्‍यवस्‍था है। उनकी आंखों पर पर्दा पड़ा हुआ है। अपने शासनकाल में समाजवादी की सरकार ने अस्पतालों में तबेले बनाकर रख दिए थे।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने केंद्र सरकार की तरफ से जीएसटी स्‍लैब में किए गए सुधार का स्‍वागत किया। उन्‍होंने कहा कि जीएसटी एक बड़ा उपहार है जो प्रधानमंत्री मोदी ने देश भर के नागरिकों को दिया है, और वह भी नवरात्रि और दशहरा के शुभ अवसर पर। यह एक ऐसा उपहार है जो व्यापारियों, आम लोगों सभी को तहे दिल से लाभान्वित करता है। हर वर्ग के लोग पीएम मोदी का आभार प्रकट कर रहे है। प्रधानमंत्री मोदी ने इसके साथ-साथ स्वदेशी मूवमेंट चलाने के लिए जनता से अपील की है। सब लोगों ने इसका स्‍वागत किया और मानना है कि भारत में निर्मित वस्तुएं ही खरीदेंगे और बेचेंगे।