विपक्ष वोट की राजनीति के लिए घुसपैठियों की लड़ाई लड़ रहा: जगदंबिका पाल

0
9

मुंबई,12 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने संकल्प लिया है कि भारत से घुसपैठियों को बाहर किया जाएगा। दुनिया देख रही है कि विपक्ष वोट की राजनीति के लिए इनकी लड़ाई लड़ रहा है।

भाजपा सांसद ने अमित शाह के घुसपैठ पर दिए बयान को लेकर कहा कि भारत की संपत्ति, योजनाओं और सुविधाओं का लाभ केवल भारत के नागरिकों को मिलना चाहिए।

उन्होंने राहुल गांधी, ममता बनर्जी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे रोहिंग्या, बांग्लादेशियों और पाकिस्तान के लोगों की लड़ाई लड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि घुसपैठिए मतदाता सूची में शामिल होकर तमाम सुविधाएं ले रहे हैं। निश्चित रूप से केंद्र सरकार इन घुसपैठियों को देश में रहने नहीं देगी।

भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में एसआईआर को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हिंसा की बात करती हैं। सच यह है कि ममता बनर्जी की सरकार रोहिंग्या और बांग्लादेशियों के दम पर टिकी हुई है। इन्हें डिपोर्ट किया जाएगा और पूरे देश में एसआईआर लागू होगा।

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव जो मुद्दे उठा रहे थे, वे अब खत्म हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों से वे यात्राएं कर रहे हैं और वोट चोरी का आरोप लगा रहे थे, लेकिन नई वोटर लिस्ट जारी होने के बाद एक भी शिकायत नहीं कर रहे। वे विदेश जाकर लोकतंत्र पर खतरा बता रहे हैं। विपक्ष के हिट एंड रन फॉर्मूले को मानसिक दिवालियापन करार देते हुए जगदंबिका पाल ने कहा कि जो मुद्दा था, वह अब नहीं रहा। बिहार में एनडीए की सरकार बनना निश्चित है।

पीएम मोदी के राजनीति में 25वें साल को लेकर भाजपा सांसद ने बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री से पीएम तक का उनका सफर शानदार रहा है। वे जनता के भरोसे पर खरे उतरे हैं। जब वे पीएम बने तो भारत 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था थी। आज हम टॉप 5 में हैं। 2027 तक हम तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत उनके नेतृत्व में तेजी से विकास कर रहा है। दुनिया में भारत का मान बढ़ा है। जबकि दुनिया भर में विद्रोह हो रहे हैं, भारत तेजी से प्रगति कर रहा है।

मुंबई में आयोजित मैराथन को लेकर उन्होंने कहा कि यदि आज भारत की एकता और अखंडता अक्षुण्ण है, तो यह सरदार पटेल की दूरदर्शिता और प्रयासों के कारण है।

उन्होंने कहा कि आज अखंड भारत है, जबकि दुनिया में बांग्लादेश, नेपाल, श्रीलंका और पाकिस्तान जैसे देश विद्रोहों से जूझ रहे हैं और टूटने की कगार पर हैं। ऐसी स्थिति में देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में हजारों युवा-बुजुर्ग ऊर्जा के साथ मैराथन में भाग ले रहे हैं। यह छत्रपति शिवाजी महाराज की धरती है, जहां भारत की एकता और अखंडता कायम रखने का संकल्प लिया जा रहा है।