2027 में उत्तर प्रदेश से होगा भाजपा का सफाया: शिवपाल सिंह यादव

0
4

वाराणसी, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव रविवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी सर्किट हाउस पहुंचे, जहां जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2027 में भाजपा उत्तर प्रदेश से साफ होने जा रही है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश से अब भाजपा साफ होने जा रही है। भाजपा राज में जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 2027 में फिर से समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है।

उन्होंने कहा कि वाराणसी गंगा जमुनी तहजीब का शहर है। यहां की धुन पूरे देश में जानी जाती है। इस समय का शासन और प्रशासन ठीक से काम नहीं कर रहा है, जिसकी वजह से आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि देश में आपस में भाईचारा नहीं दिख रहा है। जिस तरह से इनको आपस में लड़ाया जा रहा है, यह देश और प्रदेश के लिए ठीक नहीं है। देश की जनता अब भाजपा की सच्चाई जान चुकी है। इसका जवाब भाजपा को मिलेगा।

उन्होंने बसपा सुप्रीमो मायावती पर निशाना साधते हुए कहा कि मायावती भाजपा के इशारे पर चल रही है, यह सबको पता है। समाजवादी पार्टी ने चुनाव से पहले जो वादे किए हैं, एक-एक वादा पूरा किया है। भाजपा के समय में कितने वादे किए गए? अभी तक वादे पूरे नहीं हुए हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश की जनता से वादा किया था कि अच्छे दिन आएंगे। अच्छे दिन कहीं दिख रहे हैं; गरीबी, बेरोजगारी और महंगाई चरम सीमा पर है।

जीएसटी के कम होने पर शिवपाल यादव ने कहा कि देश-प्रदेश की जनता को टैक्स के माध्यम से किस तरह से लूटा गया है। अब चुनाव आया है तो वे दिखा रहे हैं कि थोड़ा सा टैक्स कम कर देंगे।

सपा नेता आजम खान को सुरक्षा मिलने पर शिवपाल यादव ने कहा कि आजम खान तो समाजवादी पार्टी के संस्थापक रहे हैं, उनके आने से मजबूती और मिलेगी। वे सीनियर लीडर हैं, सुरक्षा उनको मिलनी चाहिए। उनको सुरक्षा की जरूरत थी, सुरक्षा मिल गई तो कौन सी बड़ी बात है।