चांदनी सिंह का नया भोजपुरी गाना ‘बाझिन के गोदिया’ रिलीज, गाने ने जगाई छठ पूजा की आस्था

0
9

मुंबई, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री चांदनी सिंह का नया गाना ‘बाझिन के गोदिया’ सोमवार को रिलीज हो गया है। यह गाना भोजपुरी संस्कृति और छठ पूजा की भावनाओं को खूबसूरती से दर्शाता है।

‘बाझिन के गोदिया’ गाना भोजपुरी गायिका खुशबू तिवारी ने गाया है, जिनकी आवाज ने गाने में जान डाल दी है। गीत के बोल रौशन सिंह विश्वास ने लिखे हैं। संगीत कान्हा सिंह ने तैयार किया है, जो ग्रामीण माहौल और छठ पूजा के उत्साह को जीवंत करता है। इस गाने का फिल्मांकन भी बेहद आकर्षक है, जो दर्शकों को भोजपुरी संस्कृति के करीब लाता है।

इस गाने की कहानी बेहद मार्मिक और भावनात्मक है, जो ग्रामीण परिवेश पर आधारित है। गाने में चांदनी सिंह एक ऐसी महिला का किरदार निभा रही हैं, जो मां बनने की चाहत रखती है, लेकिन संतान न होने के कारण गांव वाले उसे ताने मारते हैं। गाने की शुरुआत में वह एक बच्चे को प्यार से खिलाती हैं, लेकिन बच्चे की मां उसे अपमानित कर भगा देती है। इस दुख से आहत होकर वह छठी माता की शरण में जाती है और संतान प्राप्ति के लिए प्रार्थना करती है। गाना छठ पूजा की महत्ता और मातृत्व की भावना को गहराई से उजागर करता है।

चांदनी सिंह ने रविवार को अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए इस गाने के रिलीज की जानकारी साझा की थी। गाना सभी प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है और इसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।

चांदनी सिंह ने इस गाने के जरिए एक बार फिर अपनी अभिनय क्षमता का लोहा मनवाया है। उनके प्रशंसक सोशल मीडिया पर गाने की तारीफ कर रहे हैं और इसे छठ पूजा के मौके पर एक खास तोहफा मान रहे हैं।

चांदनी एक अभिनेत्री, मॉडल और मेकअप आर्टिस्ट हैं। उन्होंने साल 2018 में भोजपुरी सिनेमा में डेब्यू किया था। इससे पहले अभिनेत्री का भक्ति गीत ‘चुनरिया लहरे माई के’ नवरात्रि के पावन अवसर पर रिलीज किया गया था, गाने में अभिनेत्री के साथ पवन सिंह भी थे।