पटना, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर इंडिया महागठबंधन के सहयोगी दलों के बीच सीट शेयरिंग का पेंच फंसा हुआ है, जबकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में शामिल जदयू को छोड़कर सभी दलों ने अपने खाते की सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए।
एनडीए में शामिल लोजपा (रामविलास) ने गुरुवार को अपने खाते की सभी 29 सीटों पर उम्मीदवार उतार दिए। हालांकि, पार्टी ने बुधवार को ही 14 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी।
लोजपा (रामविलास) द्वारा जारी दूसरी लिस्ट के अनुसार, पार्टी ने बेलसंड से अमित कुमार को टिकट दिया, जबकि मढ़ौरा से सीमा सिंह, शेरघाटी से उदय कुमार सिंह, बोधगया से श्यामदेव पासवान, रजौली से विमल राजवंशी, गोविंदपुर से बिनीता मेहता, बोचहा से बेबी कुमारी, बख्तियारपुर से अरुण कुमार और फतुहा से रुपा कुमारी चुनावी मैदान में हैं।
इसके अलावा, बहादुरगंज से मोहम्मद कलिममुद्दीन, महुआ से संजय कुमार सिंह, चेनारी से मुरारी प्रसाद गौतम, मनेर से जितेंद्र यादव तथा कसबा से नितेश कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।
भाजपा ने बुधवार को ही अपने खाते की सभी 101 सीटों पर उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी थी।
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए में सीट बंटवारे के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड और भारतीय जनता पार्टी 101-101 सीट पर चुनाव लड़ेंगी, जबकि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) को 29 सीटें मिली हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) और राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को छह-छह सीटें मिली हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला दोनों गठबंधन के बीच माना जा रहा है।