इंडिया गठबंधन का चाल, चेहरा और चरित्र पूरी तरह सामंतवादी हो गया: गुरु प्रकाश

0
7

पटना, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने शनिवार को कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस पर जहां दलित, शोषित और वंचित समाज का अपमान करने का आरोप लगाया, वहीं राजद पर भी कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के सामने कुटुंबा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार उतारने को लेकर भी सवाल उठाए।

पटना भाजपा मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत में गुरु प्रकाश ने कहा कि महागठबंधन के लिए यह अत्यंत ही दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि अब तक सीटों का बंटवारा नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम दलित समाज से आते हैं। पहले उन्हें पटना हवाई अड्डे पर मारपीट और दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा। इसके बाद विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी के साथ भी ऐसा ही किया जा रहा है।

भाजपा नेता गुरु प्रकाश ने आगे कहा कि समाजवाद के पुरोधा स्वर्गीय शरद यादव के पुत्र को भी टिकट नहीं दिया गया। शरद यादव ने मंडल कमीशन की सिफारिशों को लागू करने में बड़ी भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि न तो शरद यादव के पुत्र की सुनवाई हो रही है, न सहनी की। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के साथ तो ऐसा दुःसाहस किया जा रहा है कि उसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।

उन्होंने कहा, “इंडिया गठबंधन का चाल, चेहरा और चरित्र पूरी तरह सामंतवादी हो गया है। वहां दलितों का सम्मान सुनिश्चित नहीं किया जा सकता है। बिहार के दलित, शोषित, वंचित, पीड़ित समाज इस चीज को गंभीरता से ले रहे हैं और इस चुनाव में उन्हें बताएंगे। 14 नवंबर को चुनाव मतगणना के बाद ऐसे सामंतवादी ताकतों के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा हो जाएगा।”

उन्होंने कहा कि बिहार लोकतंत्र की जननी है और यहां से बराबर लोकतंत्र को मार्गदर्शन मिलता है। राजद और कांग्रेस पुनः उसी सामंतवाद और आपातकाल को लाना चाहती हैं, लेकिन बिहार की जनता ऐसी ताकतों को कभी सत्ता के नजदीक नहीं फटकने देगी।