दीपावली वाले बयान पर भड़के योगेंद्र चंदोलिया, बोले-अखिलेश यादव अपनी राय अपने पास रखें

0
8

नई दिल्‍ली, 19 अक्‍टूबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के दीपावली पर दिए गए बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी के सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अपनी राय अपने पास रखनी चाहिए, क्योंकि दीपावली हिंदुओं का पवित्र त्योहार है। यह पटाखों, मिठाइयों और दीयों का त्योहार है।

चंदोलिया ने आईएएनएस से खास बातचीत में कहा, ‘मुलायम सिंह यादव से लेकर अखिलेश यादव तक देश में कितना परिवर्तन आ गया है। दीपावली के बाद जो लोग क्रिसमस मनाते हैं, वे अपने तरीके से लाइटिंग करते हैं, हमारे घरों में भी लाइटिंग होती है, लेकिन दीपावली का अपना महत्व है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आत्मनिर्भर भारत की बात कर रहे हैं। दीये और मोमबत्तियां बनाने वालों को रोजगार मिल रहा है, अयोध्या में दीप महोत्सव से यह परंपरा और सशक्त होगी। अखिलेश यादव एक विशेष समाज को अपने पक्ष में करने के लिए लोगों की भावनाओं से खेलने का काम करते हैं।’

उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रति वास्तविक सम्मान भाजपा ने दिखाया है, जबकि कांग्रेस ने कभी उन्हें उचित सम्मान नहीं दिया। चंदोलिया ने कहा कि डॉ. अंबेडकर की मृत्यु के बाद कांग्रेस ने उन्हें भारत रत्न नहीं दिया। उन्हें भारत रत्न भाजपा सरकार के समय मिला, यह गर्व की बात है।

कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के बयान पर भी भाजपा सांसद ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “सैम पित्रोदा जो भी बातें करते हैं, राहुल गांधी को उन्हें समझाना चाहिए। हिमाचल में कांग्रेस ने जीत हासिल की तो क्या वह धांधली से हुई थी? ममता बनर्जी की जीत भी धांधली से हुई क्या? सैम पित्रोदा जैसे लोग कांग्रेस को और दूर ले जा रहे हैं। ऐसे कई ‘पित्रोदा’ हैं जिनकी वजह से आज कांग्रेस का जनाधार खत्म होता जा रहा है।”

दिल्ली के प्रदूषण को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर चंदोलिया ने आम आदमी पार्टी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 11 साल तक सरकार चलाने वालों को बताना चाहिए कि उनके शासन में एयर क्वालिटी इंडेक्स क्या था। सात महीने के आंकड़ों से तुलना करना गलत है। सरकार प्रयास कर रही है और आने वाले समय में इसका सकारात्मक असर दिखेगा।