दीपावली : राष्ट्रपति मुर्मू से उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन और रेखा गुप्ता ने मुलाकात कर दी शुभकामनाएं

0
5

नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। देशभर में दीपों का पर्व दीपावली उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस खास अवसर पर सोमवार को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की।

उपराष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच राष्ट्रपति भवन में सौहार्दपूर्ण मुलाकात हुई। इस अवसर पर दीपावली के पारंपरिक उल्लास और भारतीय संस्कृति की गरिमा को दर्शाते हुए दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।

उपराष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, “उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने राष्ट्रपति भवन में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भेंट की और दीपावली की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया।”

इस बीच, दिल्ली के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी राष्ट्रपति से मुलाकात की। रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी शेयर करते हुए लिखा, “राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार भेंट की। दीपावली के पावन अवसर पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। अपने बहुमूल्य समय और स्नेहपूर्ण मार्गदर्शन हेतु राष्ट्रपति का हृदय से आभार।”

भारत के पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और दीपावली की शुभकामनाएं दी। इस बात की जानकारी राष्ट्रपति कार्यालय के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल के जरिए दी गई।

गौरतलब है कि राष्ट्रपति भवन हर वर्ष दीपावली जैसे पर्वों पर मेहमानों का स्वागत करता है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी और सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।