महिला सशक्तिकरण के लिए डबल इंजन की सरकार काम कर रही है: संजीव चौरसिया

0
29

पटना, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव के बीच जारी एनडीए के ‘संकल्प पत्र’ में महिला सशक्तिकरण की दिशा में लिए गए संकल्पों की भाजपा नेता संजीव चौरसिया ने सराहना की। संजीव चौरसिया ने कहा कि यह संकल्प पत्र देश की आधी आबादी के उत्थान की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

आईएएनएस के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि यह वाकई बधाई का विषय है। यह पहल देश की आधी आबादी यानी महिलाओं के पूर्ण सशक्तिकरण के प्रति भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए धनराशि आवंटित करने की घोषणा की गई है। ऐसी सभी योजनाओं का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण सुनिश्चित करना है। जीविका के माध्यम से सवा करोड़ लोगों को 10 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई। कई योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। महिला सशक्तिकरण के लिए डबल इंजन की सरकार काम कर रही है।

भाजपा नेता संजीव चौरसिया ने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार में अब तक 50 लाख युवाओं को रोजगार देने का काम किया है। अब आगे 1 करोड़ प्लस सरकारी नौकरियों और रोजगार अवसरों के सृजन को सुनिश्चित किया जाएगा। 2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता के साथ एनडीए सरकार ने नारी-शक्ति को नई उड़ान दी है। आने वाले समय में 1 करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बनकर आत्मनिर्भर बिहार की नई तस्वीर गढ़ेंगी। यही है सशक्त नारी, समृद्ध बिहार का संकल्प।

उन्होंने कहा कि पटना, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर जैसे शहरों में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और मेट्रो जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी। कनेक्टिविटी बढ़ेगी, निवेश और रोजगार बढ़ेगा। एनडीए सरकार के विकास की चेन यही है।

मोकामा हत्याकांड पर विपक्ष के बयानों पर भाजपा नेता ने कहा कि विपक्ष अपने जमाने को, अपने समय को याद करे। वे किसी भी विषय पर जवाब देने की स्थिति में नहीं हैं। वे अपने समय को याद करें, जब मुख्यमंत्री कार्यालय से भ्रष्टाचार होता था।

इस घटना के बाद एक बार फिर विपक्ष अपराध के मामले पर नीतीश कुमार की सरकार पर हावी है।