नई दिल्ली, 1 नवंबर (आईएएनएस)। इंटेलिजेंस कॉर्प्स डे के अवसर पर शनिवार को व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने आधिकारिक ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “हम उन गुमनाम योद्धाओं को सम्मान देते हैं जिनकी चौकसी, समझदारी और सटीक एनालिसिस ऑपरेशनल सफलता की रीढ़ हैं।
व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने आधिकारिक ‘एक्स’ पोस्ट में आगे लिखा, “हमेशा अलर्ट और हालात के हिसाब से ढलने वाले, वे सेना की आंखें और कान बनकर खतरों को पहले से भांप लेते हैं और निर्णायक कार्रवाई करने में मदद करते हैं। सच, ईमानदारी और सेवा के प्रति उनका समर्पण बेमिसाल है। वे अंधेरे में रहकर देश की रक्षा करते हैं और लड़ाई शुरू होने से पहले ही जीत पक्की करते हैं।”
व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने आर्मी एविएशन कॉर्प्स डे को लेकर भी एक अन्य एक्स पोस्ट किया, जिसमें लिखा, “हम उन आसमान के योद्धाओं को सलाम करते हैं जिनकी हिम्मत, सटीकता और प्रोफेशनलिज्म युद्ध के मैदान को नया मतलब देते हैं। ऊंचाई वाले ऑपरेशन्स से लेकर तेजी से घायलों को निकालने, जरूरी हवाई मदद और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सिविल अथॉरिटीज को मदद देने तक, उनके पंख हर इलाके में सेना की पहुंच बढ़ाते हैं।”
एक्स पोस्ट में आगे लिखा गया कि एविएशन कॉर्प्स बेजोड़ लगन, फुर्ती और जोश के साथ उड़ान भरता रहता है, जो भारतीय सेना की अदम्य इच्छाशक्ति का प्रतीक है।
भारतीय सेना में इंटेलिजेंस कॉर्प्स को उस शक्ति के रूप में जाना जाता है जो दुश्मन की हर चाल को भांपकर सेना को रणनीतिक बढ़त दिलाती है। इनकी तैयार की गई रिपोर्टें और विश्लेषण ही वो आधार होते हैं जिन पर बड़े-बड़े सैन्य निर्णय लिए जाते हैं।
बता दें कि इंटेलिजेंस कॉर्प्स डे और आर्मी एविएशन कॉर्प्स डे भारत में 1 नवंबर को मनाया जाता है। शनिवार को आर्मी एविएशन कॉर्प्स का 40वां स्थापना और इंटेलिजेंस कॉर्प्स का 83वां स्थापना दिवस मनाया जा रहा है।

