जोधपुर सड़क हादसा : शिक्षा मंत्री दिलावर ने विपक्ष पर राजनीति करने का लगाया आरोप, कहा- पीड़ितों को हर संभव मदद करेगी सरकार

0
31

जोधपुर, 3 नवंबर (आईएएनएस)। राजस्थान के जोधपुर में हुए भीषण सड़क हादसे में कई लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सोमवार को सरकार से पीड़ितों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया और विपक्ष पर राजनीति करने का गंभीर आरोप लगाया।

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “श्रद्धालुओं से भरी एक गाड़ी फलोदी की तरफ से दर्शन करके आ रही थी, तभी वह खड़ी ट्रेलर से अचानक टकरा गई। गाड़ी में 18 लोग थे, जिसमें से 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तीन लोग घायल हैं, जिसमें एक का फलोदी में और दो का जोधपुर में इलाज चल रहा है। उनका एक्सपर्ट डॉक्टर द्वारा इलाज किया जा रहा है। हमारी प्राथमिकता है कि वे जल्द स्वस्थ होकर घर लौटें।”

विपक्ष द्वारा सरकार पर सवाल उठाए जाने को लेकर दिलावर ने कहा, “यह तब करना चाहिए, जब सरकार पीड़ितों को मुआवजा नहीं दे। लेकिन इसके बावजूद अगर वे विरोध कर रहे हैं, तो यह सिर्फ एक राजनीतिक चाल है।”

दरअसल, राजस्थान के जोधपुर जिले में रविवार को उस समय दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जब फलोदी के मतोड़ा क्षेत्र में भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर एक टूरिस्ट बस सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में कई लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।

मृतक और घायल सभी श्रद्धालु थे जो बीकानेर के कोलायत दर्शन कर सूरसागर लौट रहे थे। देर रात जब उनकी टेंपो ट्रैवलर मतोड़ा इलाके से गुजर रही थी, तभी अचानक सड़क पर खड़े एक ट्रेलर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और कई यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।

घायलों को तुरंत फलोदी अस्पताल और जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।