भोपाल : 2 नवंबर/ केंद्रीय सतर्कता आयोग तथा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के निर्देशानुसार रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय भोपाल की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा विधि संस्थान तथा कंप्यूटर विज्ञान एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम पंचायत चिकलोद में जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिसमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिकलोद में छात्र छात्राओं के लिए व्याख्यान का आयोजन किया गया। व्याख्यान में डीन आफ स्टुडेंट वेल्फेयर डॉ शीतल गुलाटी ने कहा कि आज शासन प्रशासन में पारदर्शिता पहले की तुलना में कहीं अधिक बढ़ी है लेकिन फिर भी निश्चित रूप से विभिन्न विभागों को इस दिशा में और अधिक काम करने की आवश्यकता है। साथ ही समाज में भी ईमानदारी स्थापित करना हम सबका कर्तव्य है तभी देश को अच्छे इमानदारी प्रशासक प्राप्त हो सकेंगे।
वहीं इस अवसर पर एन एस एस कार्यक्रम अधिकारी श्री गब्बर सिंह ने ग्रामीणों से रूबरू होते हुए कहा कि गांव के लोगों का ज्यादातर पाला स्थानीय प्रशासन से पड़ता है ऐसे में स्थानीय लोगों को अपने अधिकार और कर्तव्य दोनों पता होने चाहिए।
एक जागरूक नागरिक ही भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने में मुख्य भूमिका निभा सकता है। इस अवसर पर ग्राम में रैली निकालकर लोगों को भ्रष्टाचार से सतर्क रहने व सूचना का अधिकार जैसे कानूनों के बारे में बताया।
कार्यक्रम में शाला के प्रभारी प्राचार्य श्री संजय दुबे, विधि संस्थान की सहायक प्राध्यापक डॉ कृतिका, कंप्यूटर विज्ञान एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ रविशंकर शर्मा व शैरोन मास्टर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य भूमिका स्वयंसेवक दानिश अशरफ, रिपांशु कुमार, रामबाबू, वंशिका बघेल इत्यादि की रही।


