पटना, 4 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार में पहले चरण के चुनाव का प्रचार मंगलवार को खत्म हो रहा है। उससे पहले सभी पार्टियों के नेता अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बिहार में फिर से एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि महागठबंधन का मतलब डर और एनडीए का मतलब भरोसा है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बिहार की जनता एनडीए के साथ है और एनडीए अपनी सबसे बड़ी जीत की ओर आगे बढ़ रही है। महागठबंधन को भी पता चल गया है कि बिहार में इनकी सबसे बड़ी हार होने वाली है। बिहार की जनता इनकी सब सच्चाई जान गई और इनका साथ भी छोड़ दिया है।
महागठबंधन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह महागठबंधन नहीं, महाठगबंधन है। इनके आधे नेता जेल में हैं और आधे बेल पर बाहर हैं। लेकिन, जो बाहर हैं उनको ये भी नहीं पता कि क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए। इन्हें पहले से ही पता है कि ये अपनी अब तक की सबसे बड़ी हार की ओर बढ़ रहे हैं।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कुछ लोग तो बिहार में आकर मछली पकड़ने लगते हैं तो कभी सड़क पर जलेबी बनाने लगते हैं। इनको यही नहीं पता कि क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए। इन लोगों को सही जानकारी लेने के बाद ही चुनाव में आना चाहिए।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि जब बिहार में इन लोगों की सरकार थी तो केवल जनता पर अत्याचार और विनाश देखने को मिल रहा था, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास हो रहा है। महागठबंधन प्रेसवार्ता करके कुछ भी बोल ले, लेकिन सबको विश्वास हो गया है कि बिहार में एनडीए की सरकार बनने वाली है।
उन्होंने आगे कहा कि महागठबंधन जनता को लुभाने के लिए लगातार झूठे वादे कर रही है और एनडीए पर आरोप लगाती है। लेकिन, जनता को आज भी बिहार का जंगल राज याद है, जिसमें जनता की समस्या सुनने वाला कोई नहीं था और ये लोग केवल अपने परिवार का विकास कर रहे थे। जनता के बारे में कभी भी इन लोगों ने कुछ नहीं सोचा था।





