आइकॉनिक ‘अटल ब्रिज’ : तीन वर्षों में 77.71 लाख से अधिक लोगों ने की सैर, 27 करोड़ रुपए से अधिक की हुई आय

0
7

गांधीनगर, 4 नवंबर (आईएएनएस)। भारत की पहली हेरिटेज सिटी अहमदाबाद में साबरमती नदी पर बना आइकॉनिक ‘अटल ब्रिज’ आज अहमदाबाद के लोगों सहित देश और दुनिया के सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। छुट्टियां चाहे दिवाली की हो या गर्मियों की, अटल फुटओवर ब्रिज लोगों की सैर का एक पसंदीदा गंतव्य बन गया है।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 अगस्त, 2022 को अटल ब्रिज आम जनता के लिए खोला था। साबरमती रिवरफ्रंट डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एसआरएफडीसीएल) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक 31 अगस्त, 2022 से अक्टूबर 2025 तक कुल 77,71,269 लोग अटल ब्रिज को देखने के लिए पहुंचे। इससे अहमदाबाद महानगर पालिका (एएमसी) को 27.70 करोड़ रुपए से अधिक की आय हुई है, जो अहमदाबाद के टूरिज्म क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।

उल्लेखनीय है कि अहमदाबाद गुजरात का सबसे बड़ा और आधुनिक शहर है, जिसने आधुनिकीकरण के साथ-साथ अपनी गौरवशाली विरासत को भी संजोकर रखा है। मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में अहमदाबाद शहर में आने वाले पर्यटकों को एक अभूतपूर्व अनुभव प्रदान करने के लिए विभिन्न पर्यटन आकर्षण विकसित किए गए हैं। गांधी आश्रम, साबरमती रिवरफ्रंट, कांकरिया लेकफ्रंट, दुनिया का सबसे बड़ा नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद की पुरानी पोळ संस्कृति, अहमदाबाद हेरिटेज वॉक आदि पर्यटन आकर्षणों को देखने के लिए लाखों पर्यटक अहमदाबाद की यात्रा करते हैं। इनमें, विशेष रूप से अटल फुट ओवर ब्रिज आधुनिक स्थापत्य, गुजराती संस्कृति और नगरीय सौंदर्य का जीवंत प्रतीक है।

अटल ब्रिज का निर्माण साबरमती रिवरफ्रंट डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एसआरएफडीसीएल) द्वारा किया गया है, जो अहमदाबाद महानगर पालिका (एएमसी) के पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी है। एसआरएफडीसीएल द्वारा दिए गए वर्षवार आंकड़ों की बात करें, तो 31 अगस्त, 2022 से मार्च 2023 के दौरान 21.62 लाख पर्यटक अटल ब्रिज देखने के लिए पहुंचे थे, जिससे 6.44 करोड़ रुपए की आय हुई। अप्रैल 2023 से मार्च 2024 के दौरान 26.89 लाख आगंतुकों से 8.24 करोड़ रुपए की आय तथा अप्रैल 2024 से मार्च 2025 के दौरान 20.67 लाख आगंतुकों से 8.19 करोड़ रुपए की आय हुई। वहीं, अप्रैल 2025 से अक्टूबर 2025 तक 8.51 लाख आगंतुक अटल ब्रिज घूमने आ चुके हैं, जिससे अहमदाबाद महानगर पालिका को 4.82 करोड़ रुपए की आय अर्जित हुई है।

इस आइकॉनिक अटल ब्रिज को लगभग 74 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया है। अब तक, अहमदाबाद महानगर पालिका को अटल ब्रिज से 27.70 करोड़ रुपए की आय हो चुकी है। इस प्रकार, अहमदाबाद महानगर पालिका ने अटल ब्रिज के निर्माण पर हुए कुल खर्च का 37 फीसदी से अधिक हिस्सा रिकवर कर लिया है।