एग्जिट पोल पर बोले मंत्री संतोष कुमार सिंह, ‘महागठबंधन का सूपड़ा साफ होगा’

0
7

कैमूर, 12 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार में मंत्री संतोष कुमार सिंह ने विधानसभा चुनाव के लिए आईएएनएस मैटराइज के एग्जिट पोल पर कहा कि जनता ने अपना मत विकास करने वाली सरकार को दिया है। एग्जिट पोल के अनुमान से साफ है कि जनता ने महागठबंधन को नकार दिया है और बिहार में विकास कर रहे एनडीए को चुना है।

मंत्री संतोष कुमार सिंह ने कैमूर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सबसे पहले मैं बिहार की जनता को तहे दिल से धन्यवाद करना चाहता हूं, बधाई और शुभकामनाएं भी देता हूं। बिहार की जनता ने खुले दिल से एनडीए को चुना है। महिलाओं ने रिकॉर्ड तोड़ मतदान किया।

उन्होंने कहा कि मतदान का प्रतिशत ही संकेत दे चुका है कि जनता ने पांच साल के लिए एक बार फिर एनडीए को चुना है। बिहार की जनता पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार के साथ मजबूती से खड़ी है। लोकतंत्र के इस महापर्व में महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही है।

मंत्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और हमारे ऊर्जावान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए किए गए प्रयास इस चुनाव में स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुए हैं।

महागठबंधन की ओर से एग्जिट पोल को सिरे से नकारे जाने पर उन्होंने कहा कि महागठबंधन का सूपड़ा साफ हो रहा है। अभी एग्जिट पोल से हुआ है, 14 नवंबर को बिहार से भी हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि बिहार की जनता को विकास पसंद है और एनडीए के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों के साथ जनता चल रही है। 14 नवंबर को एनडीए के पक्ष में परिणाम बिहार को नई दिशा देगा।

उन्होंने अगले पांच साल के विजन का जिक्र करते हुए कहा कि एनडीए सरकार का विजन साफ है कि बिहार को देश के अन्य राज्यों की तुलना में नंबर-1 बनाना है।

दिल्ली ब्लास्ट पर उन्होंने कहा कि मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे शोक संतप्त परिवारों को शक्ति प्रदान करें। जिन लोगों ने इस दुर्भावना से इस जघन्य कृत्य को अंजाम दिया है, उनका पर्दाफाश होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने साफ कर दिया है कि इस घटना के पीछे जो भी दोषी हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।