आईआईटीएफ 2025: बिहार पवेलियन में तिरुपति बालाजी की पेंटिंग और चांदी की मछली बनी आकर्षण का केंद्र

0
20

नई दिल्‍ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्‍ली में भारत मंडपम में भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) 2025 का आयोजन चल रहा है। आईआईटीएफ का साझीदार स्टेट बिहार पवेलियन के बिहार हैंडलूम और हैंडमेड उत्पादों ने लोगों का दिल जीत लिया। पवेलियन में 2,65,000 रुपए की 22 कैरेट गोल्ड फॉयल की तिरुपति बालाजी की पेंटिंग, एक लाख रुपए की चांदी की मछली और छठ मैया को अर्घ देती जूट की डॉल आकर्षण का केंद्र बनी है।

सबसे ज्‍यादा चर्चा कृष्णा देवी के स्टॉल पर 22 कैरेट गोल्ड फॉयल पेंटिंग ने हर किसी का ध्यान खींचा। यहां पर दो हजार से लेकर 2,65,000 तक की लकड़ी के फ्रेम में 22 कैरेट गोल्ड फॉयल पेंटिंग की मूर्तियां उपलब्ध हैं। पेंटिंग में सेमी-प्रेशियस स्टोन का भी इस्तेमाल करती हैं। खास बात यह है कि वह इस कला को आगे बढ़ाते हुए 15 महिलाओं और 20 पुरुषों को प्रशिक्षण दे रही हैं। कृष्णा देवी 12 साल तमिलनाडु में रहकर यह कला सीखती रहीं और लॉकडाउन के बाद बिहार लौटकर इस परंपरा को आगे बढ़ा रही हैं।

बिहार पवेलियन में शिवेश ठाकुर के सिल्वर ज्वेलरी स्टॉल पर एक लाख रुपए की चांदी की मछली लोगों को लुभा रही है। स्टॉल के संचालक ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि हमारे स्टॉल पर चांदी की मछली के अलावा पायल, पेंडेंट, बिछिया, चूड़ी, कड़ा, अंगूठी, हार, चेन, और मूर्तियां सहित 100 से अधिक आइटम हैं, जिनकी कीमत एक हजार से लेकर एक लाख रुपए तक है।

पवेलियन में विकास कुमार के जूट उत्पाद के स्टॉल पर बिक्री सृजन पर जूट की बनी छठ मैया को अर्घ देती महिला की जूट की डॉल लोगों को खास पसंद बनाी हुई है। इसकी कीमत 550 रुपए है। स्टॉल संचालक विकास ने बताया कि मेले में मैं 100 से अधिक जूट के सजावट के सामान और घरेलू उपयोग काे सामान लेकर आया हूं। इनमें प्लांटर, जूट का बास्केट, राधा कृष्ण की मूर्ति, पर्स, की रिंग, गिफ्ट इनवेलप, फाइल फोल्डर आदि प्रमुख हैं। यहां पर 80 रुपए से लेकर एक हजार रुपए तक के जूट उत्पाद उपलब्ध हैं।