पटना, 9 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता भगवान हैं। बिहार की एनडीए सरकार प्रयासरत है कि किसानों से जुड़ी योजना उन तक पहुंचे, और उनकी आमदनी बढ़ाने के लिए हमारी सरकार लगातार प्रयासरत है।
बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने पटना में समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि सीएम नीतीश कुमार ने मुझे कृषि विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है, और यह एक बड़ी जिम्मेदारी है, क्योंकि बिहार एक कृषि प्रधान राज्य है। बिहार सरकार ने किसानों के फायदे के लिए अब तक जो भी कोशिशें की हैं, उन्हें और बेहतर कैसे बनाया जाए, इस पर मैं लगातार काम कर रहा हूं।
उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाई गई है और सभी योजनाएं और वित्तीय आवंटन लागू किए जा रहे हैं। हम किसानों की आय और बढ़ाने के लिए भी सोच-विचार और रणनीति बना रहे हैं। हमारा लक्ष्य है कि किसान खेती के बेहतर तरीके अपनाएं, उत्पादन बढ़ाएं, हमारे राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था मजबूत हो, और लोग समृद्ध हों।
रामकृपाल यादव ने कहा कि मंगलवार को कृषि विभाग से संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे किसानों तक सरकार की योजनाओं को लेकर जाएं, क्योंकि किसान खुशहाल रहेगा तो प्रदेश खुशहाल रहेगा। किसान हमारे अन्नदाता हैं, भगवान हैं। मैंने लंबी बैठक ली है। सभी को निर्देश दिया गया है कि जो काम धीमी गति से चल रहा है, उसे तेजी से किया जाए।
उन्होंने बताया कि कृषि विभाग में बजट एवं व्यय से संबंधित समीक्षा बैठक की। बैठक में विभाग की विभिन्न योजनाओं की स्वीकृति एवं उनके विरुद्ध व्यय की प्रगति का विस्तार से अवलोकन किया। बैठक में कृषि निदेशालय, उद्यान निदेशालय, विपणन निदेशालय, डिजिटल कृषि निदेशालय एवं भूमि संरक्षण निदेशालय की सभी योजनाओं की प्रगति, बजट उपयोग, कार्यान्वयन की गति और भविष्य की प्राथमिकताओं पर विस्तृत चर्चा की।
कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का परिणाम धरातल पर दिखे, इसे सुनिश्चित करना विभाग की जिम्मेदारी है। साथ ही, बैठक में विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानित करने का भी निर्देश दिया गया।

